
गुवाहाटी, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । असम प्रदेश भाजपा ने प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से शनिवार काे दार्जिलिंग एवं कालिम्पोंग में हाल ही में आई बाढ़ एवं भूस्खलन के प्रभावित लोगों के लिए पांच ट्रक राहत सामग्री रवाना किया है।
ज्ञात हो कि, पिछले दिनों से से मूसलाधार बारिश के कारण हुए भयंकर बाढ़ एवं व्यापक भूस्खलन ने पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में व्यापक क्षति पहुंचाई तथा जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। प्रदेश भाजपा मुख्यालय के मीडिया संयोजक रूपम गोस्वामी ने बताया है कि दार्जिलिंग के इन दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए और उनके संकट के इस कठिन समय में असम भाजपा उनकी मदद के लिए आगे आई है।
उन्होंने बताया है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की पहल पर और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया के सहयोग से असम भाजपा ने आज दार्जिलिंग के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए पांच ट्रकों में राहत सामग्री भेजी है। प्रदेश कार्यालय वाजपेयी भवन से कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका ने इस राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाई, जिसमें गुवाहाटी के मेयर मृगेन शरनिया, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रेखा रानी दास बोड़ो, सचिव रातुल शर्मा, असम वित्त निगम के अध्यक्ष और प्रदेश भाजपा के मीडिया संयोजक रूपम गोस्वामी तथा पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह राहत सामग्री बाढ़ पीड़ित लोगों के लिए बहुत बड़ी राहत होगी। पार्टी ने कहा है कि वह आवश्यकता अनुसार और अधिक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं।
गोस्वामी ने कहा है, “सेवा ही संगठन है, यह भाजपा का मूल मंत्र है। इस मंत्र को साकार करते हुए भाजपा ने हमेशा लोगों की सेवा की है। राज्य और देश के प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति के साथ खड़े रहना हमारा नैतिक और पवित्र कर्तव्य है। आज दार्जिलिंग के दुर्गम इलाके के लोगों को यह छोटी सी राहत सामग्री भेजकर पार्टी ने अपना पवित्र कर्तव्य निभाया है।——————–
(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय
