
मीरजापुर, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । विंध्याचल के मोती झील मार्ग स्थित मां विंध्यवासिनी सेवा समिति के भंडारा परिसर में शुक्रवार रात रामलीला के दूसरे दिन श्रीराम जन्मोत्सव का भव्य मंचन हुआ। मंचन के दौरान “जय श्री राम” के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री हरि विष्णु की आरती व पूजन से हुई, जिसमें संस्था के संरक्षक प्रकाश चंद्र पांडेय, अध्यक्ष संगम लाल त्रिपाठी समेत पदाधिकारी शामिल रहे। राजा दशरथ की पुत्र कामना, श्रृंगी ऋषि का यज्ञ और खीर प्रसाद से भगवान श्रीराम के जन्म तक की लीला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अयोध्या नगरी में राम जन्म का उल्लास देखकर दर्शक भाव-विह्वल हो उठे।
रामलीला में दशरथ की भूमिका प्रशांत द्विवेदी, गुरु विश्वामित्र की आदर्श उपाध्याय, वशिष्ठ की पशुपतिनाथ मिश्रा, बाल राम की आयुष गोस्वामी व लक्ष्मण की भूमिका उत्सव पांडेय ने निभाई। कौशल्या के रूप में अर्चना सिंह और कैकेयी के रूप में सरिता ने जीवंत अभिनय कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। संगीत में शहनाई पर तौलन, ढोलक पर आकाश और पैड पर राम प्रसाद की कुशल संगत रही। मंच संचालन देवी दीक्षित ने किया। कार्यक्रम में मंत्री आदर्श उपाध्याय, निर्देशक राज गिरी, कोषाध्यक्ष विक्रम मिश्रा, संयोजक कमल मिश्रा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा
