जम्मू, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जम्मू मंडल ने अपने यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने और बिना टिकट या अनियमित यात्रा को रोकने के उद्देश्य से बनिहाल-कटरा सेक्शन में औचक टिकट जांच अभियान चलाया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक मनोज मीना, टिकट निरीक्षक अब्दुल रशीद और अन्य टिकट चेकिंग स्टाफ शामिल थे।
10 अक्टूबर 2025 को आयोजित इस अभियान के दौरान बनिहाल से कटरा जाने वाली दोनों तरफ की ट्रेनों में चेकिंग की गई। अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले कुल 22 यात्रियों पर 23,760 रूपए का जुर्माना लगाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि मंडल में समय-समय पर ऐसे टिकट चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे ताकि बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने सभी यात्रियों से अनुरोध किया कि वे वैध टिकट के साथ यात्रा करें। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे अपने सभी यात्रियों का सम्मान करती है और उनकी सुखद यात्रा की कामना करती है।
—————
(Udaipur Kiran) / अश्वनी गुप्ता
