
लखनऊ, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कांग्रेस पार्टी आगामी विधान परिषद चुनाव में सभी 11 सीटों पर चुनाव लडे़गी। इसके लिए कांग्रेस 5 लाख स्नातक के तथा 2 लाख शिक्षक मतदाताओं के फार्म भरवाकर वोटर बनवाने के कार्य में जुट गई है। सभी जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को फार्म वितरित कर दिए गए हैं। यह जानकारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को दी।
उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ में एक कनेक्ट सेंटर स्थापित कर दिया गया है। प्रत्येक जिले में एक कोऑर्डिनेटर कमेटी बनाया जाएगा जो कनेक्ट सेंटर से जुड़ा रहेगा। सभी फ्रंटल, संगठनों को इसमें लगाया गया है। विधि, शिक्षक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ को इस चुनाव हेतु विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री राय ने बताया कि इसके साथ ही सभी सीटों पर सांसदों/विधायकों, पूर्व सांसदों/विधायकों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को प्रभारी बनाया जा रहा है। उनके साथ सह प्रभारी भी नियुक्त किए जा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि इस अव्यवस्था अराजकता और कुशासन के खिलाफ शिक्षक और स्नातक विधान परिषद के सदस्य सदन में आवाज उठाते हैं। मगर पिछले चुनाव में भाजपा सरकार ने वोट चोरी करके बूथ कैप्चरिंग और मतदाता पेटी बदलवाकर चुनाव जीता और लोकतंत्र की आवाज को खत्म करने की कोशिश की। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं और शिक्षकों की आवाज को सदन में बुलंद करने के लिए प्रत्येक सीट पर चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों को कोऑर्डिनेटर घोषित किया जा रहा है। अभी तक 5 सीटों पर कोऑर्डिनेटर/प्रत्याशी बनाए जा चुके हैं-
1. मेरठ-सहारनपुर स्नातक विधान परिषद सीट पर विक्रांत वशिष्ठ
2. आगरा स्नातक विधान परिषद सीट पर रघुराज सिंह पाल
3. लखनऊ स्नातक विधान परिषद सीट पर डॉ0 देवमणि तिवारी
4. वाराणसी शिक्षक विधान परिषद सीट पर संजय प्रियदर्शी
5. वाराणसी स्नातक विधान परिषद सीट पर अरविंद सिंह पटेल
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
