
लखनऊ, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय नौसेना की वीरता और गौरव को समर्पित निर्माणाधीन शौर्य संग्रहालय के कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा संग्रहालय की भावी उपयोगिता से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। स्थलीय निरीक्षण से पहले प्रमुख सचिव ने नौसेना अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था संग पर्यटन निदेशालय में बैठक की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने कहा, ‘नौसेना शौर्य संग्रहालय उत्तर प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर एक नया आकर्षण केंद्र बनेगा। यह न केवल नौसेना की गौरवशाली विरासत को दर्शाएगा, बल्कि युवाओं विशेषकर बच्चों में राष्ट्रभक्ति की भावना भी जागृत करेगा।
अमृत अभिजात ने नौसेना शौर्य वाटिका के मुख्य गेट की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की और सुझाव दिए। बैठक में प्रमुख सचिव को बताया गया कि इंटरप्रिटेशन सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। भवन के संरचनात्मक कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं और शेष फिनिशिंग कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। क्यूरेशन कार्य के अंतर्गत डिजिटल डिस्प्ले और थीम आधारित गैलरी की तैयारी जारी है। विशेषज्ञ टीम द्वारा प्रदर्श सामग्री के चयन और डिजाइन पर कार्य किया जा रहा है।
ओपन-एयर म्यूजियम के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का मसौदा तैयार किया जा चुका है। इसे संबंधित विभागों से अनुमोदन हेतु भेजा गया है। कलाकृतियों के चयन, रखरखाव और स्थापना की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। प्राथमिक रूप से चुनी गई कलाकृतियों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बैठक में TU-142 विमान और SK-42B हेलिकॉप्टर के सुरक्षित परिवहन एवं स्थापना से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
नौसेना शौर्य संग्रहालय परिसर में डिजिटल अभिलेखागार, स्मृति उद्यान, शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र सहित कई विशेष खंड विकसित किए जाएंगे। परियोजना का मुख्य आकर्षण समुद्री संरक्षण पर आधारित थीम होगी, जो पर्यावरण जागरूकता और सतत विकास के संदेश को बल देगी। संग्रहालय में नौसेना से रिटायर्ड युद्धपोत, आईएनएस गोमती में स्थापित समस्त उपकरणों के अलावा नौसेना के सी-किंग हेलीकॉप्टर, सी-हैरियर वायुयान को भी प्रदर्शित किया जायेगा। आगंतुक नौसेना के शौर्य और उसके इतिहास को करीब से देख-समझ सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि, ‘राजधानी लखनऊ में इकाना स्टेडियम के पास सीजी सिटी में नौसेना शौर्य संग्रहालय का निर्माण हो रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 29 मार्च 2023 को नौसेना संग्रहालय की स्थापना के लिए शासनादेश जारी किया था, जिसका उद्देश्य नौसैनिक विरासत, जन जागरूकता और शिक्षा को बढ़ावा देना है। परियोजना का शिलान्यास 21 अक्टूबर 2023 को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। परियोजना के लिए 2366.92 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृति की गई। यह पहल राज्य में समुद्री इतिहास और नौसेना गौरव के प्रति जनसाधारण में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पर्यटन निदेशालय में हुई बैठक में पर्यटन महानिदेशक राजेश कुमार, विशेष सचिव ईशा प्रिया, क्षेत्रीय पर्यटन निदेशक अंजू चौधरी, नौसेना के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
