HEADLINES

मेरी और भाजपा विधायक की हत्या की साजिश रची गई थी : सांसद खगेन मुर्मू

खगेन

कोलकाता, 09 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने जलपाईगुड़ी जिले के नागरकाटा क्षेत्र में हुए हमले पर तीन दिन बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए गुरुवार को आरोप लगाया कि हमलावरों का इरादा उनकी और भाजपा विधायक शंकर घोष की हत्या करने का था।

सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचाररत मुर्मू ने कहा, “हम दोनों ( भाजपा विधायक शंकर घोष को भी) को एक साथ मारने की योजना बनाई गई थी। उन्होंने हमें गाड़ी से बाहर घसीटने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। अगर वे हमें बाहर निकाल लेते, तो पत्थरों से सिर कुचलकर हमें मार डालते।” सांसद के चेहरे की हड्डियां टूटने के कारण जल्द ही उनके चेहरे की सर्जरी की जाएगी।

सोमवार को भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष नागरकाटा के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण के लिए पहुंचे थे, तभी तृणमूल से जुड़े लोगों के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया। इनमें से अधिकतर समुदाय विशेष से जुड़े लोग सीसीटीवी कैमरे में नजर आए हैं। हमलावरों ने डंडों, जूतों से प्रहार किया और नदी किनारे से पत्थर उठाकर उनकी गाड़ी पर फेंके।

इस हमले में सांसद मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों नेताओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शंकर घोष को बुधवार को छुट्टी मिल गई, लेकिन खगेन मुर्मू का उपचार अब भी जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उनके बाएं गाल की हड्डी पर धातु की प्लेट लगाई जाएगी।

मुर्मू के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर बंगाल विकास मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदयन गुहा ने कहा कि हत्या की साजिश का दावा अत्यधिक बढ़ा-चढ़ाकर किया गया है। उन्होंने कहा, अगर किसी को उन्हें मारना होता, तो केवल गाल पर चोट कैसे आती? वह उनकी पार्टी द्वारा तैयार की गई स्क्रिप्ट काे पढ़ रहे हैं।

गुहा ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने पहले ही इस हमले की निंदा की है और स्पष्ट किया है कि यह घटना “गलत” थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा नेताओं पर हुए हमले की निंदा की है। वहीं भाजपा ने जलपाईगुड़ी जिले के नागरकाटा थाने में आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा कि उनके कार्यकर्ता इस हमले में शामिल नहीं थे और पार्टी ने इस हिंसक घटना की निंदा की है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी घटना के अगले दिन अस्पताल जाकर घायल सांसद खगेन मुर्मू से मुलाकात की।———————–

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top