
सिरसा, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि विकसित भारत का मूल आधार आत्मनिर्भर भारत है और इसका रास्ता स्वदेशी से होकर गुजरता है। देश तभी वास्तविक रूप से विकसित हो सकेगा, जब हम उन्हीं उत्पादों को अपनाएंगे जिनमें भारत के किसानों और मजदूरों का पसीना शामिल है। इससे न केवल वे आर्थिक रूप से सशक्त होंगे, बल्कि देश भी मजबूती की राह पर आगे बढ़ेगा। राज्यमंत्री गौरव गौतम गुरुवार को सिरसा जिले के गांव अलीकां में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के सामने यह विजन रखा है कि 2047 तक, जब भारत आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाना है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत का रास्ता स्वदेशी से होकर ही जाता है। हमें वही वस्तुएं खरीदनी चाहिए जिनमें भारत की मिट्टी की सुगंध और हमारे मजदूरों का पसीना हो।
उन्होंने बताया कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार भी। अगर हम भारत में बने उत्पादों को प्राथमिकता देंगे तो न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि देश का तकनीकी और औद्योगिक विकास भी तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई योजनाएं जैसे मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और वोकल फॉर लोकल सभी आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे देश के युवाओं, किसानों और मातृशक्ति द्वारा निर्मित उत्पादों को अपनाएं ताकि आने वाली पीढिय़ां भी गर्व महसूस करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम कर रही है और सभी क्षेत्रों में समान विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान का उद्देश्य देश के हर नागरिक को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना है। इस अभियान के जरिए भारत को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी दृष्टि से सशक्त किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे भारत एक वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा। इस अवसर पर हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, भाजपा जिलाअध्यक्ष डबवाली रेणू शर्मा, बलदेव सिंह मांगेआना, मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा, विजयंत शर्मा, कृष्ण चौहान,निशान जोसन आदि मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma
