
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । समान कार्य पर समान वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर दिल्ली नगर निगम सिविक सेंटर के बाहर हड़ताल पर बैठे एमटीएस कर्मचारियों से गुरुवार को राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (आआपा) के कई विधायक और पार्षदों ने मुलाकात की। संजय सिंह ने कर्मचारियों को भरोसा दिया कि आआपा उनकी मांगों के समर्थन में है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी समान कार्य पर समान वेतन देने का आदेश दिया है और यह सिद्धांत सभी कर्मचारियों के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।
सांसद ने कहा कि ये कर्मचारी कोविड-19 के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर दिल्ली की सेवा करते रहे। आज वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उनके साथ न्याय होना चाहिए।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान जल्द किया जाना चाहिए ताकि वे अपने परिवारों के साथ सामान्य जीवन में लौट सकें। उन्होंने कहा कि यह केवल कर्मचारियों की मांग नहीं, बल्कि न्याय और समान अधिकार की बात है।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि समान कार्य के लिए समान वेतन का सिद्धांत न्यायसंगत है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले इन कर्मचारियों को एमटीएस का दर्जा दिलाया था और आगे भी समान वेतन की मांग को पूरा कराने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर कोंडली विधायक कुलदीप कुमार, करोलबाग विधायक विशेष रवि, मटिया महल विधायक आले मोहम्मद इकबाल, प्रीति डोगरा सहित पार्टी के कई पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
