
जोधपुर, 09 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पति की लंबी आयु के लिए रखा जाने वाला व्रत करवा चौथ दस अक्टूबर को रखा जाएगा। इस बार करवा चौथ के व्रत में विशेष योग बनने से महिलाओं में उत्साह हैं। करवा चौथ पर बाजार में भी भीड़ दिखाई दे रही है।
करवा चौथ पर्व को लेकर शहर के बाजार गुलजार हो रहे हैं। महिलाओं ने बाजार की रौनक बढ़ा दी है। सुहागिन महिलाएं तैयारी में जुट गई हैं। महिलाएं जहां सौंदर्य प्रसाधन और साडियों की खरीदारी में रुचि दिखा रही है। वहीं करवा, छलनी, दीया, फूलबत्ती आदि पूजन सामग्री की भी खूब खरीद की जा रही है। पति को लक्ष्मीवान और लम्बी आयु की कामना के लिए करवा चौथ का व्रत सबसे कठिन व्रतों में से एक है। इस दिन महिलाएं पूरा दिन निर्जला रहती हैं और रात में चंद्रोदय के बाद पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोलती हैं।
विहिप ने दस स्थानों पर लगाए मेहंदी केंद्र
करवा चौथ के उपलक्ष में विश्व हिंदू परिषद की महिला विंग दुर्गा वाहिनी व मातृ शक्ति द्वारा दो दिवसीय मेंहदी शिविर गुरुवार से शहर में दस स्थानों पर लगाए गए है। इस शिविर में हाथों में रचने वाली ऑर्गेनिक मेंहदी सोजत से मंगवाई गई है जो किसी प्रकार के केमिकल युक्त नहीं है इससे किसी तरह की एलर्जी शिकायत नहीं होगी। दुर्गा वाहिनी की संयोजिका प्रेक्षा रामावत ने बताया कि सरदारपुरा प्रखंड के बी रोड कुमार समाज भवन रामद्वारा, शहर प्रखंड के सोजती गेट झूलेलाल मंदिर, सूरसागर प्रखंड के कालूराम बावड़ी माली समाज भवन, मसूरिया के बाबा रामदेव रोड कुमार बगेची व चौपासनी रोड के डिफेंस कॉलोनी सर्वेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार सुबह से करवा चौथ करने वाली महिलाओं के मेंहदी लगाई जा रही है।
दक्षिण जिला मंत्री विवेक महर्षि ने बताया कि नंदनवन प्रखंड के अंकुर भारती स्कूल, शंकर नगर प्रखंड के कॉलोनी पार्क, विवेकानंद प्रखंड के कुड़ी भगतासनी सेक्टर दो, सरस्वती नगर प्रखंड के मधुबन आदर्श पार्क सेक्टर प्रथम में भी दुर्गा वाहिनी कार्यकर्ताओं द्वारा मेंहदी लगाई जा रही है। इसी प्रकार बागर प्रखंड के बागर चौक बडलों का चौक शिव मंदिर में भी मेंहदी शिविर लगाया गया है।
(Udaipur Kiran) / सतीश
