




प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा, छुआछूत की तरह जातिवाद को भी समाप्त करने में जुटें स्वयंसेवक
सीतापुर, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । सनातन संस्कृति का चिंतन वैश्विक और प्राचीन है। यह स्व तक सीमित न होकर ‘सियाराम मय सब जग जानी’ और ‘सर्वे भवंतु सुखिनः पर आधारित है। प्राणियों में सद्भावना और अपने घर परिवार के कल्याण के बजाए विश्व का कल्याण हो यह हमारा चिंतन है। शताब्दी वर्ष में यह संकल्प ले कि इस चिंतन से विमुख नहीं होना है। संघ की यात्रा प्रामाणिक और चरित्रवान लोगों के बल पर आगे बढ़ी है। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत प्रचारक कौशल ने सीतापुर नगर में गुरु कृपा गेस्ट हाउस में आयोजित नारायण नगर बस्ती के विजयादशमी उत्सव पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इसी मंत्र के साथ संघ से जुड़कर हमेशा कार्य करने की आवश्यकता है। प्रांत प्रचारक ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 1925 में उस समय हुई जब अंग्रेजों एवं उसके पूर्व मुगलों का शासन था, लेकिन बहुसंख्यक हिंदू समाज के लोग पराधीन थे। अनेक समस्याओं से घिरा उस समय हिंदू समाज पिछड़ा हुआ था। सनातन को भूलकर स्व की विस्मृति व लोगों में हिंदू होने का गर्व नहीं था। हिन्दू समाज में संगठन का अभाव था। उस समय डॉक्टर केशवराव बलिराम हेडगेवार ने यह कहकर कि भारत हिंदू राष्ट्र है, संगठन खड़ा करने का संकल्प लिया।
उन्हाेंने कहा कि 1925 में संघ की स्थापना के समय हेडगेवार ने कोई रैली, जनसभा, प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की थी, सामान्य परिस्थितियों में रहते हुए शाखा के माध्यम से ही पूरे देश में संगठन को स्थापित किया।
स्वतंत्रता संग्राम में शामिल न होने की बात कहने वालों को ‘अधूरा ज्ञान’
अवध प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि आज कुछ लोग सही जानकारी के अभाव में यह आरोप लगाते हैं कि संघ के लोग स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल नहीं हुए? ऐसे लोग न तो संघ के बारे में जानते हैं और न ही स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को। जानकारी के अभाव में चंद लोग दुष्प्रचार करते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर हेडगेवार को वर्ष 1921 में स्वतंत्रता संग्राम में शामिल होने के कारण 1 वर्ष का कारावास हुआ। जेल गए, यातनाएं दी गई। वह जन्मजात देशभक्त थे। उस समय उनके साथ तमाम राष्ट्रवादी लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया था। आज चंद लोग झूठी जानकारी के बल पर टीवी डिबेट में बैठकर दुष्प्रचार करते हैं ऐसे लोगों को संघ के बारे में अधूरा ज्ञान है।
परिवार की स्थिति ठीक ना होने के बावजूद पूरे देश में हेडगेवार ने खड़ा किया संघ
विजयादशमी उत्सव में शामिल होने आए स्वयंसेवकों को संघ के 100 वर्ष के इतिहास के बारे में विस्तार से बताते हुए श्री कौशल ने कहा कि अगर उद्देश्य श्रेष्ठ व पवित्र है तो संकल्प के साथ उसकी पूर्ति अवश्य होती है। डॉक्टर हेडगेवार के जीवन से जुड़े कई प्रसंगों पर विस्तार से वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि उनके घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। घर पर स्वयंसेवक जब मिलने आते थे तो चाय के लिए चाय पत्ती और दूध भी नहीं होता था। इन सब के बावजूद वह विचलित नहीं हुए। घर की स्थिति खराब होने के बावजूद उनके मन में श्रेष्ठ विचारों के साथ संगठन को खड़ा करने की प्रबल इच्छा शक्ति थी और इससे ही उन्होंने संघ का विस्तार पूरे भारत में किया।
भीड़ से देश का भला नहीं, प्रामाणिक और चरित्रवान लोगों के बल पर आगे बड़ा संघ
श्री कौशल ने कहा कि किसी भी संगठन में शामिल भीड़ से देश का भला नहीं होता। मजबूत विचारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने वाले लोगों के बल पर ही लंबे समय तक संगठन समाज में टिक सकता है। आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इस 100 वर्ष की यात्रा में प्रामाणिक और कंधों से कंधा मिलाकर चरित्रवान लोगों के बल पर संघ आगे बढ़कर अपने शताब्दी वर्ष पूरे कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन के लिए यह अच्छा होता है कि उसके लोग बार-बार मिलें, इसी कारण डॉक्टर हेडगेवार ने शाखा का नाम दिया 24 घंटे में निश्चित समय और स्थान पर मिलने से संगठन खड़ा हो जाता है, लोग जब मिलते हैं तो आत्मीयता बढ़ती है, विचार बलवान होते हैं, इन 100 वर्षों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा से बहुत से लोग निकल कर आगे बढ़े।
सामाजिक समरसता का पर संघ का शुरुआत से ही रहा जोर
प्रांत प्रचारक ने कहा की संघ पंच परिवर्तन में शामिल सामाजिक समरसता को लेकर पहले से भी काम करता चला आया है आज छुआछूत समाप्त हुआ है उन्होंने आवाहन किया कि इसी तरीके से जातिवाद को भी समाप्त करना होगा। कार्यक्रम के बाद स्वयंसेवकों ने नारायण नगर बस्ती अंतर्गत कैप्टन मनोज पांडे चौक होते हुए पथ संचलन निकालकर प्रदर्शन किया।कई जगहों पर पुरुषों एवं महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख समाजसेवी संजीव मेहरोत्रा ने की। मंच पर प्रमुख रूप से जिला संघ चालक उमाकांत, विभाग संघ चालक डॉ हरिपाल के अलावा कार्यक्रम में सह प्रांत शारीरिक प्रमुख परितोष, विभाग कार्यवाह कृष्ण कुमार प्रजापति, विभाग प्रचारक अभिषेक, जिला प्रचारक आकाश, नगर प्रचारक विशाल, नगर कार्यवाह विनीत, सह नगर संघ चालक रामगोपाल वाल्मीकि, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, विश्राम सागर राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा, ललित श्रीवास्तव चंचल सहित गणेश धारी स्वयंसेवक मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma
