
जलपाईगुड़ी, 09 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नागराकाटा में भाजपा विधायक शंकर घोष और सांसद खगेन मुर्मू पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार रात विशेष अभियान चलाकर नागराकाटा थाने की पुलिस ने शाहानूर आलम और तोफायेन हुसैन नामक दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपित नागराकाटा थाना अंतर्गत खोयरबाड़ी इलाके के निवासी हैं। इससे पहले बुधवार सुबह पुलिस ने इस हमले के संबंध में गोविंद शर्मा और एकरामुल हक को गिरफ्तार किया था। हालांकि, गिरफ्तार आरोपितों के नाम भाजपा की एफआईआर में शामिल हैं या नहीं, इसे लेकर अभी भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को भाजपा विधायक शंकर घोष और भाजपा सांसद खगेन मुर्मू नागराकाटा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। उनके वाहनों में तोड़फोड़ की गई। दोनों नेताओं को ईंट लगने से चोटें आईं, जबकि सांसद खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके आंख के नीचे की हड्डी टूट गई। फिलहाल वह सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि विधायक शंकर घोष को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
घटना के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद अस्पताल जाकर घायल सांसद खगेन मुर्मू से मिलीं और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लीं। इस बीच, भाजपा की ओर से इस हमले के लिए आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पुलिस इस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
