
खंडवा, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित बाल सुधार गृह से गुरुवार सुबह 6 बाल अपचारी बालक बाथरूम की दीवार तोड़कर फरार हो गए। एक साथ इतने बच्चों के फरार होने के बाद से संप्रेषण गृह में हड़कंप मच गया है। संगीन अपराधों के साथ इन पर नाबालिग से रेप का आरोप है। शुरूआती जांच में दो गार्ड्स को निलंबित कर दिया है। फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए पुलिस दल रवाना कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच की है। इन बाल अपचारियों ने सुधार ग्रह की बाथरूम की दीवाल में छेद किया फिर बाहर निकले और बाउंड्री वॉल कूदकर भाग गए। बताया जा रहा है कि बाल अपराधियों ने घटना को रात में अंजाम दिया है, जबकि कर्मचारियों को इसकी जानकारी सुबह मिली। फिलहाल इस मामले में प्राथमिक स्तर पर दो प्रहरियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही जांच शुरू कर दी गई है। भागे बाल अपचारियों में पांच खरगोन जिले के और एक बुरहानपुर जिले का है। सभी नाबालिग गंभीर आरोपों, खासकर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म जैसे मामलों में संप्रेषण गृह में बंद थे।
घटना की जानकारी मिलते ही खंडवा कोतवाली पुलिस के साथ-साथ खंडवा सीएसपी और एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बाल सुधार गृह का मौका मुआयना किया। पुलिस फरार बाल अपचारियों की तलाश में अलग-अलग जगह दबिश दे रही है। उनके घर परिवार, रिश्तेदारों के घर टीम रवाना की है। हालांकि, सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी किस दिशा में भागे और उनकी प्लानिंग कितनी पहले से तैयार थी।
सिटी पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे ने बताया कि सभी बाल अपचारियों की सर्चिंग के लिए पुलिस दल रवाना कर दिया है। दरअसल, यह घटना कोई पहली बार नहीं हुई है। महज छह महीने पहले ही ऐसा मामला सामने आया था। जब बाल संप्रेषण गृह से 5 नाबालिग दीवार तोड़कर भागने में सफल हो गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आश्चर्य की बात यह है कि संप्रेषण गृह की दीवारें तोड़कर भागने की घटनाएं बार-बार दोहराई जा रही हैं। प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम दिखाई दे रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
