जलपाईगुड़ी, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । सोमवार को मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और सिलीगुड़ी विधायक शंकर घोष पर हमला मामले में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के नाम शाहनूर आलम और तोफैल हुसैन है। दोनों को गुरुवार सुबह सुलकापाड़ा इलाके से गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस मामले में कुल चार लोग गिरफ्तार हो चुके है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को खगेन और शंकर बामनडांगा में बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण करने गए थे। वहां उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा था। सैकड़ों लोगों ने उन पर लाठियों, पत्थर और जूतों से हमला कर दिया। नदी से पत्थर उठाकर उनकी कार पर फेंके गए। हमले में खगेन का सिर फट गया। शंकर भी घायल हो गए थे। बाद में दोनों को सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। खगेन मुर्मू का अभी भी इलाज चल रहा है। हालांकि, शंकर घोष को छुट्टी दे दी गई है। सोमवार को भाजपा की ओर से हमले के सिलसिले में आठ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। लेकिन 54 घंटे बाद भी पुलिस द्वारा किसी को गिरफ्तार न किए जाने पर सवाल उठाने लगे थे। आखिरकार बुधवार को पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ एक्शन लिया और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम एकरामुल हक और गोविंदा शर्मा है। वहीं, आज सुबह भी पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार
