Maharashtra

गोरेगांव में मोतीलाल नगर पुनर्विकास परियोजना को मिली गति

मुंबई, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मुंबई के गोरेगांव पश्चिम में मोतीलाल नगर के पुनर्विकास परियोजना के काम को गति मिल गई है। लगभग 143 एकड़ में फैली यह परियोजना मुंबई की दूसरी सबसे बड़ी पुनर्विकास परियोजना है और उसे ’15 मिनट सिटी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। आवासीय भवनों के साथ पार्क, खुले स्थान और विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह परियोजना सात साल में पूरी होगी।

महाराष्ट्र आवास व क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) की योजना के अनुसार निवासियों को 1600 वर्ग फुट निर्माण क्षेत्रफल वाले घर और 987 वर्ग फुट निर्माण क्षेत्रफल वाली व्यावसायिक इकाइयां दी जाएंगी। इस कॉलोनी में 3340 आवासीय घर और 328 व्यावसायिक इकाइयां हैं। इस साल 11 मार्च को अडानी प्रॉपर्टीज ने म्हाडा की निविदा में 36,000 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर यह परियोजना हासिल की थी। इसके बाद, जुलाई में, म्हाडा और अडानी रियल्टी के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे। मोतीलाल नगर का पुनर्विकास लगभग 5.8 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में किया जाएगा। इससे हाउसिंग एसोसिएशन को कुल 3.83 लाख वर्ग मीटर का निर्माण क्षेत्र मिलेगा।

म्हाडा के उपाध्यक्ष और सीईओ संजीव जायसवाल के अनुसार इस परियोजना के लिए मिट्टी के परीक्षण का काम शुरू हो गया है। योजना प्रस्तुत होने के बाद उसके अनुमोदन के बाद पूरी जानकारी निवासियों को दी जाएगी। म्हाडा ने साल 2013 में मोतीलाल नगर के पुनर्विकास के लिए प्रयास शुरू किए और इस वर्ष सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी हो गई हैं। आवश्यक कानूनी स्वीकृतियां भी प्राप्त हो गई हैं। राज्य सरकार ने इसे विशेष परियोजना का दर्जा दिया है।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top