
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार (09 अक्टूबर) को केशोपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में आयोजित एक समारोह में दिल्ली के लिए 1816 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें स्वच्छ जलापूर्ति से जुड़ी योजनाएं के साथ-साथ यमुना को निर्मल व स्वच्छ बनाने के लिए कई विशेष प्रोजेक्ट हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी कि इन विशेष परियाजनाओं में दशकों पुरानी जल और सीवरेज समस्याओं को दूर करने पर केंद्रित हैं, जो यमुना नदी को लगातार प्रदूषित कर रही हैं। इन योजनाओं में प्रमुख रूप से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सीवर लाइन्स का निर्माण और उसे दुरुस्त करना शामिल है। इन योजनाओं में स्वच्छ पेयजल को दूर-दराज के इलाकों तक कुशलतापूर्वक पहुंचाने के लिए बूस्टर पंपिंग स्टेशनों को भी इन परियोजनाओं में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन प्रोजेक्ट में यमुना सफाई अभियान को प्रभावी बल मिलेगा। ये परियोजनाएं यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के व्यापक अभियान का एक अभिन्न अंग हैं। गंदे पानी को सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए राजधानी के बड़े 22 नालों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) भी बन रहे हैं। इनसे साफ हुआ पानी नदी में जाएगा और प्रदूषण को रोकेगा। इससे यमुना नदी हमेशा के लिए निर्मल व स्वच्छ होना शुरू हो जाएगी, जिसका दिल्ली के करोड़ों लोग सालों से इंतजार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री कहा है कि यमुना नदी का पुनर्जीवन और स्वच्छता हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा है, जिसकी निर्मलता हमारी आस्था और पर्यावरणीय प्रतिबद्धता दोनों का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि यमुना को प्रदूषणमुक्त, स्वच्छ और पुनर्जीवित बनाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार के चुनावी घोषणा पत्र में यमुना की सफाई अभियान को विशेष रूप से शामिल किया गया था। अब इस वादे को धरातल पर उतारने का समय आ गया है। सरकार चरणबद्ध रूप से ऐसी योजनाओं को लागू कर रही है, जिनसे न केवल प्रदूषण पर नियंत्रण होगा, बल्कि जल की गुणवत्ता में भी ऐतिहासिक सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में ‘निर्मल नदियां, समृद्ध भारत’ का जो विजन है, हमारी सरकार उसी दिशा में ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ यमुना अभियान केवल एक पर्यावरणीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय संकल्प का हिस्सा है।
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
