
-नए रूप में चलेगा हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान अभियान
चंडीगढ़, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान अभियान अब नए रूप में नजर आएगा। अब हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान जन चेतना ट्रस्ट के तौर पर दलितों के हकों की लड़ाई लड़ेगा। बुधवार को चंडीगढ़ में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के मुख्य मीडिया सलाहकार सुदेश कटारिया ने हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान जन चेतना ट्रस्ट की घोषणा की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुदेश कटारिया ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य संविधान निर्माता बाबा साहेब के विचारों, सिंद्धातों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। अब जिलास्तर के बाद विधानसभा स्तर पर हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान का आगाज होगा और 9 अक्टूबर को नारायणगढ़ विधानसभा में दलित सम्मेलन का आयोजन होगा।
सुदेश कटारिया ने कहा कि दलित, शोषित और वंचित वर्ग तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में जन चेतना ट्रस्ट की अहम भूमिका रहेगी। इसके साथ ही दलित जन प्रतिनिधियों के साथ हो रही अनदेखी को लेकर भी ट्रस्ट प्रमुखता से काम करेगा। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पहले कुरुक्षेत्र से दलितों के हकों की आवाज बुलंद करने का केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने शंखनाद किया था। अब तक हर जिले में जिलास्तर पर कार्यक्रम हो चुके हैं। अब विधानसभा स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
सुदेश कटारिया ने कहा कि कांग्रेस संविधान के नाम पर दलितों को गुमराह कर रही है। संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र और दलितों की आत्मा है। हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान जन चेतना ट्रस्ट के अध्यक्ष सुदेश कटारिया ने 18 जिलों के जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की। इनमें अंबाला का जिलाध्यक्ष मोहनीश कपूर सिंह को नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही करनाल का इंद्र सिंह निगदू, कुरुक्षेत्र का सुनील मिर्जापुर, कैथल का संजीव कुमार, गुरुग्राम का किरोड़ी तंवर, चरखी-दादरी का पवन कुमार, पानीपत का धर्मवीर कुराना, फरीदाबाद का मनोज कुमार, फतेहाबाद का सुरजीत मैंडल, यमुनानगर का शास्वत चौधरी, पलवल का राजकुमार चौहान, पंचकूला का गुरमेल मेहरा, महेंद्रगढ़ का दिनेश खातौद, नूंह का गंगादान डागर, झज्जर का अरुण खासा, हांसी का अनूप भौरिया, हिसार का शमशेर गिल और भिवानी का सतीश बड़सी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
