मुंबई, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के विद्यार्थियों को राहत देते हुए उनका परीक्षा शुल्क माफ करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटिल ने दी है।
शिक्षा मंत्री पाटिल ने शैक्षणिक संस्थानों से सामाजिक दायित्व के रूप में छात्रों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है। राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं की समीक्षा करने के लिए शिक्षा मंत्री पाटिल की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. शैलेंद्र देवलंकर सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
मंत्री पाटिल ने कहा कि बाढ़ के कारण कई विद्यार्थियों की शिक्षा सामग्री और साहित्य नष्ट हो गए हैं। महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और निजी शिक्षा संस्थानों को सामाजिक कर्तव्य के रूप में विद्यार्थियों को नोटबुक, किताबें, यूनिफॉर्म आदि के रूप में सहायता प्रदान करनी चाहिए। इससे आर्थिक तंगी से जूझ रहे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और उनकी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रहेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
