Madhya Pradesh

जबलपुर : जिनकी दम पर मिल रहे अवार्ड, उन्हीं को 4 महीने से वेतन नहीं

नगर निगम जिनकी दम पर मिल रहे अवार्ड , उन्हीं को 4 महीने से वेतन नहीं

जबलपुर, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नगर निगम जबलपुर में इन दोनों अराजकता चरम सीमा पर है जिसका खामियाजा न केवल निचले कर्मचारी भोग रहे, बल्कि आम जनता भी उसमें शामिल है। जिन सफाई कर्मचारियों के बल पर शहर को स्वच्छ रखने की बात की जाती है एवं अवार्ड लिया जाता है। उन्ही सफाई कर्मचारीयों को 4 महीने से वेतन के लाले पड़े हैं। रांझी नगर निगम जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले 6 वार्डों के ठेका सफाई कर्मियों ने एक बार फिर वेतन भुगतान में देरी को लेकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित सफाई कर्मियों ने आज बुधवार को दर्शन सिंह तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क पर कचरा फैला दिया और धरना देकर विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला, जिसके चलते उनके घरों में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

उनका कहना था कि इससे पहले भी उन्होंने 20 दिन पहले इसी स्थान पर धरना दिया था, तब उन्हें स्थानीय विधायक और एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने आश्वासन दिया था कि दशहरे तक सभी लंबित भुगतान कर दिए जाएंगे। कर्मचारियों को उस समय एक महीने का वेतन दिया गया था और शेष तीन महीने का भुगतान दशहरे तक करने का वादा किया गया था। लेकिन वादा पूरा नहीं होने से कर्मचारियों में रोष बढ़ गया।

धरना की खबर लगते ही शहर में लोगों की सहानुभूति सफाई कर्मियों के प्रति उमड़ पड़ी। अनेक संगठनों ने इस मामले में सरकार से विचार करने को कहा है। वही मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने सफाई कर्मियों के समर्थन में कहा कि कर्मचारियों के साथ अन्याय हो रहा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में कर्मचारियों को उनका वेतन नहीं दिया गया तो वे सफाई कर्मियों के समर्थन में उग्र आंदोलन करेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

—————

(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक

Most Popular

To Top