Chhattisgarh

कोरबा : एशियन ओपनबिल स्टॉर्क पक्षी का शिकार करने वाला आरोप‍ित गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपित

कोरबा, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) I कोरबा के कनकेश्वर धाम में संरक्षित पक्षी घोंघिला (एशियन ओपनबिल स्टॉर्क) के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए आरोप‍ित समार सिंह धनवार को गिरफ्तार कर ल‍िया है। आरोप‍ित ने गुलेल से तीन पक्षियों का शिकार किया था।

इनमें से एक पक्षी को पकाकर खा लिया गया था। दो अन्य पक्षी आरोप‍ित के घर से बरामद हुए। वन विभाग ने आरोप‍ित के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। यह घटना करतला वन परिक्षेत्र के ग्राम कनकेश्वर धाम की है।

सूचना पर वन विभाग की टीम ने कनकी निवासी 20 वर्षीय समार सिंह के घर छापा मारा। आरोप‍ित को पक्षी की सब्जी बनाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने एक पक्षी को मारकर सब्जी बनाना स्वीकार किया। टीम ने उसके घर की रसोई से एक मृत पक्षी और एक घायल पक्षी बरामद किया।

घायल पक्षी के पैर में चोट के निशान थे, जिसका इलाज जारी है। युवक ने बताया कि उसने गांव के मंदिर के पीछे गुलेल से तीन पक्षियों का शिकार किया था।

वन परिक्षेत्र अधिकारी रघुनाथ सिंह राठिया ने बताया कि, सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई।

आरोप‍ित को वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। वन विभाग कनकेश्वर धाम में एशियाई ओपन बिल स्टॉर्क पक्षी के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Most Popular

To Top