नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । ग्रीस की राजधानी एथेंस में 8 से 19 अक्टूबर तक होने जा रही आईएसएसएफ विश्व चैम्पियनशिप शॉटगन 2025 के लिए भारत ने पूरी तैयारी कर ली है। मालाकासा शूटिंग रेंज में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शॉटगन निशानेबाज पदक के लिए मुकाबला करेंगे।
इस चैंपियनशिप में कुल पांच ओलंपिक स्पर्धाएँ पुरुष और महिला ट्रैप, पुरुष और महिला स्कीट, तथा ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट शामिल हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत 10 अक्टूबर 2025 से होगी। कुल 68 देशों के 406 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें छह मौजूदा ओलंपिक पदक विजेता भी शामिल हैं।
भारत ने 12 सदस्यीय दल भेजा है, जिसमें एशियाई चैम्पियंस अनंतजीत सिंह नरूका (पुरुष स्कीट) और नीरू धांडा (महिला ट्रैप) प्रमुख नाम हैं। इनके अलावा हाल ही में शिमकेंट एशियन चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले भावनीश मेन्दिरत्ता (पुरुष ट्रैप) और आशिमा अहलावत (महिला ट्रैप) भी टीम में शामिल हैं। अनुभवी निशानेबाज़ ज़ोरावर सिंह संधू और मेराज अहमद खान इस दल की मजबूती बढ़ाएंगे।
भारत के लिए यह टूर्नामेंट अपनी बढ़ती शूटिंग क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित करने का अवसर है। भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2006 में ज़ाग्रेब विश्व चैम्पियनशिप में आया था, जब मनवजीत सिंह संधू ने पुरुष ट्रैप में स्वर्ण पदक जीता था।
पुरुष स्कीट
इस स्पर्धा में अमेरिकी दिग्गज विंसेंट हैनकॉक, चार बार के ओलंपिक स्वर्ण विजेता और मौजूदा विश्व चैम्पियन, शीर्ष दावेदार रहेंगे। उनके साथ देशवासी कॉनर प्रिंस, फिनलैंड के ईतु कल्लियोनिन, और मिस्र के आज़मी मेहेल्बा भी मैदान में होंगे। भारत से अनंतजीत सिंह नरूका, भवतेग सिंह गिल और मेराज अहमद खान चुनौती पेश करेंगे।
महिला स्कीट
यह मुकाबला भी कड़ा रहेगा। अमेरिका की विश्व नंबर 1 सामंथा साइमॉनटन और विश्व नंबर 3 डानिया जो विज़ी इस इवेंट की अग्रणी खिलाड़ी होंगी। मेज़बान ग्रीस की एमैनोएला कात्ज़ौराकी घरेलू दर्शकों के समर्थन से बड़ी चुनौती पेश करेंगी। भारत की ओर से रायज़ा ढिल्लों, गनेमत सेखों और परीनाज़ धालीवाल हिस्सा लेंगी।
पुरुष ट्रैप
इस श्रेणी में क्रोएशिया के जियोवानी सर्नोगोराज़, ब्रिटेन के नाथन हेल्स, ग्वाटेमाला के जीन पियरे ब्रोल, और इटली के माउरो डी फिलिपिस प्रमुख दावेदार रहेंगे। भारत की ओर से भावनीश मेन्दिरत्ता, विवान कपूर और ज़ोरावर सिंह संधू मैदान में उतरेंगे।
महिला ट्रैप
मौजूदा विश्व चैम्पियन लिन यी-चुन (चीनी ताइपे) अपने खिताब की रक्षा करेंगी। उनके साथ लाडा डेनिसोवा (विश्व नंबर 1), एड्रियाना रुआनो (ग्वाटेमाला) और सिलवाना स्टैंको (इटली) जैसी सितारा निशानेबाज़ होंगी। भारत की ओर से नीरू धांडा (विश्व नंबर 8), आशिमा अहलावत और किर्ति गुप्ता उतरेंगी।
ट्रैप मिक्स्ड टीम
इस इवेंट में 35 देशों की 55 टीमें भाग लेंगी। भारत की दो जोड़ियां नीरू धांडा-भावनीश मेन्दिरत्ता और आशिमा अहलावत-जोरावर सिंह संधू देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस श्रेणी में ऑस्ट्रेलिया की मिचेल इल्स- पेनी स्मिथ की जोड़ी को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।
एथेंस में दिए जाने वाले 2025 विश्व चैम्पियनशिप पदक ओलंपिक विरासत को सलाम करते हैं। इन पदकों पर लॉरेल शाखा और निशानेबाजी का लक्ष्य उकेरा गया है, जो सटीकता, सम्मान और एकाग्रता का प्रतीक है।
इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ी आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल 2025 (दोहा, कतर) के लिए स्वतः क्वालीफाई करेंगे।
भारत की नजर एथेंस में गौरव दोहराने पर है। ऐसे में 2006 के स्वर्ण के बाद अब लक्ष्य विश्व खिताब की वापसी पर होगी।
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
