Chhattisgarh

अटलजी के सम्मान में नगरीय निकायों में बना रहे अटल परिसर : अरुण साव

अटल परिसर का लोकार्पण करते हुए उप मुख्यमंत्री साव
अटल परिसर का लोकार्पण अवसर पर मौजूद लोग

– उप मुख्यमंत्री ने चार अटल परिसरों का किया लोकार्पण

रायपुर, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज मंगलवार को जांजगीर-चांपा जिले के चार नगरीय निकायों में तीन करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अटल परिसरों तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने नवागढ़ में दो करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एसटीपी का भूमिपूजन भी किया। साव ने आज पामगढ़ नगर पंचायत पामगढ़ में 19 लाख 95 हजार रुपए, राहौद नगर पंचायत के बुंदेला चौक में 19 लाख 95 हजार रुपये, खरौद नगर पंचायत में 19 लाख 93 हजार रुपये एवं नवागढ़ नगर पंचायत के हाट-बाजार परिसर में 19 लाख 95 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया। विधायक ब्यास कश्यप तथा पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल भी लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता हैं। उनके सम्मान में राज्य के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। अटलजी ने गांवों, किसानों और नागरिकों के लिए ऐतिहासिक योजनाएं शुरू कीं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव-गांव तक पहुंच और विकास संभव हो पाया। साव ने कहा कि यह परिसर केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने वाला केंद्र बनेगा।

विधायक ब्यास कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि, अटलजी छत्तीसगढ़ राज्य के वास्तविक निर्माता हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की वर्षों पुरानी आकांक्षा को समझा और उसे साकार कर एक नया इतिहास रचा। आज हम उनके आदर्शों और योगदान को स्मरण करते हुए उनकी प्रतिमा एवं परिसर का लोकार्पण कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि, आज जिले के चार नगरीय निकायो में अटलजी की प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। यह केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आत्मा और अस्मिता को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि अटलजी ने न केवल छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं को समझा, बल्कि उसे साकार भी किया। वर्षों से हमारे पुरखे यह सपना देखते आ रहे थे कि हमारा छत्तीसगढ़ एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए, पर उसे पूरा करने का ऐतिहासिक कार्य अटलजी ने किया। पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पंचायत पामगढ़ अध्यक्ष गौरी जांगड़े, नगर पंचायत राहौद अध्यक्ष प्रतिभा कश्यप, नगर पंचायत खरौद अध्यक्ष गोविंद यादव, नगर पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष अर्चना देवांगन और कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / गायत्री प्रसाद धीवर

Most Popular

To Top