
औरैया, 07 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । शासन की मंशानुरूप जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में जनपद के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में मंगलवार को आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर पूरे जनपद में वाद्य यंत्रों के साथ रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
नगर के मोहल्ला वनारसीदास स्थित मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पहुंचकर महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इसके बाद उन्होंने रामायण पाठ में सम्मिलित होकर भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित नागरिकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि अपने प्रारम्भिक जीवन में धार्मिक कार्यों से दूर रहे, परंतु ज्ञान प्राप्ति के पश्चात उन्होंने प्रभु श्रीराम की शरण ग्रहण की और भक्ति में लीन होकर रामायण जैसी महान कृति की रचना की। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि प्रभु भक्ति और आत्मबल से कोई भी व्यक्ति अपने जीवन का रूपांतरण कर सकता है।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने नगर में निकाली गई शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा शांतिपूर्वक सम्पन्न हो तथा ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे किसी वर्ग या समुदाय की भावनाएं आहत हों। इस अवसर पर जनपद के सभी विकासखंडों में भी प्रमुख मंदिरों पर वाद्य यंत्रों के साथ रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) कुमार
