Sports

सीनियर पुरुष अंतर-विभागीय हॉकी चैंपियनशिप: महालेखाकार, एफसीआई, पीएसपीबी और एसएससीबी सेमीफाइनल में

एफसीआई और केंद्रीय सचिवालय के बीच मैच का दृश्य

जमशेदपुर, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

5वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष अंतर-विभागीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के सातवें दिन रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें महालेखाकार, भारतीय खाद्य निगम, पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड और सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। सभी मुकाबले नेवल टाटा हॉकी अकादमी आईएसडब्ल्यूपी ग्राउंड, जमशेदपुर (झारखंड) में खेले गए।

अब 9 अक्टूबर को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों में महालेखाकार (सीएजी) का सामना भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) से होगा, जबकि पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड का मुकाबला सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड से होगा।

पहले क्वार्टर फाइनल में महालेखाकार ने अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड को 4-2 से हराया। त्रिशूल गणपति (20’, 47’) और आमिद सफराज खानपठान (29’, 41’) ने दो-दो गोल दागे, जबकि अमन शर्मा (44’, 53’) ने पुलिस बोर्ड के लिए दोनों गोल किए।

दूसरे मुकाबले में भारतीय खाद्य निगम ने केंद्रीय सचिवालय को 2-0 से मात दी। धीमी शुरुआत के बाद अभिषेक (41’) और रिंकू अंटिल (44’) ने लगातार दो गोल कर टीम को जीत दिलाई।

तीसरे क्वार्टर फाइनल में पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड ने रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड को शूटआउट में 5-4 से हराया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। गुरसाहिबजीत सिंह (4’) ने रेलवे के लिए बढ़त दिलाई, जिसे गुरजिंदर सिंह (17’) ने बराबर कर दिया। शूटआउट में सुमित कुमार, विश्वास जी, और कप्तान सुनील देविंदर वाल्मीकि ने गोल कर पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड को जीत दिलाई।

दिन के अंतिम क्वार्टर फाइनल में सेवा खेल नियंत्रण बोर्ड ने भारतीय खेल प्राधिकरण को 3-2 से पराजित किया। सुषील धनवर (12’), रजत मिन्जा (33’) और अजिंक्य जाधव (46’) ने सेवा खेल नियंत्रण बोर्ड के लिए गोल किए, जबकि मो. ज़ैद खान (8’) और सुंदरम सिंह राजावत (58’) ने साई के लिए गोल दागे।

इस जीत के साथ अब चारों टीमों के बीच सेमीफाइनल में जबरदस्त मुकाबलों की उम्मीद की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Most Popular

To Top