RAJASTHAN

जेएनवीयू वाल्मिकी जयंती : भारतीय राजनीति को नैतिक दिशा देता है महर्षि वाल्मीकि का दर्शन: प्रो. कौशल

jodhpur

राजनीति विज्ञान विभाग में वाल्मीकि जयंती पर व्याख्यान का आयोजन

जोधपुर, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जेएनवी विश्‍वविद्यालय में आश्विन पूर्णिमा के अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग और महिला अध्ययन केंद्र द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई।

मुख्य अतिथि जेएनवीयू के कला संकाय की पूर्व अधिष्ठाता एवं संस्कृत विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. सरोज कौशल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का दर्शन भारतीय राजनीति को एक नैतिक दिशा देता है जहां राज्य का उद्देश्य केवल शासन नहीं, बल्कि मानवता का उत्थान है। रामायण का यह संदेश आज के लोकतांत्रिक भारत के लिए मार्गदर्शक है कि राज्य नीति और समाज व्यवस्था दोनों में समानता और समावेशिता ही सच्चा सुशासनहै। स्वागत उद्बोधन में राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. राम सिंह आढ़ा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का दर्शन वर्तमान में बहुत ही प्रासंगिक है और यही कारण है कि जेएनवीयू के राजनीति विज्ञान विभाग में महर्षि वाल्मीकि के दर्शन पर पूरा पृथक रूप से एक प्रश्न पत्र है। विशिष्ट अतिथि इतिहास विभाग के डॉ. भगवान सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में राजनीति कभी केवल सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं रही। यह धर्माधारित लोकसेवा की परंपरा का अंग रही है और महर्षि वाल्मीकि इसी परंपरा के प्रथम दार्शनिक माने जा सकते हैं। महिला अध्ययन केंद्र की निर्देशिका डॉ. विजय श्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने सीता के चरित्र के माध्यम से भारतीय समाज में स्त्री की गरिमा, मर्यादा और स्वतंत्र चेतना का दर्शन कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृत भारती जोधपुर प्रान्त के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिनेश कुमार गहलोत ने किया और अन्त में डॉ. विजय श्री ने धन्यवाद दिया।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top