Assam

नगालैंड में आईएएस विवाद: राज्य सरकार के कर्मचारियों का 14 अक्टूबर से तीन दिवसीय कलमबंद हड़ताल

अखिल नागालैंड राज्य सेवा कर्मचारी संघ। फाइल फोटो

कोहिमा, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । अखिल नगालैंड राज्य सेवा कर्मचारी संघ ने ‘भारतीय प्रशासनिक सेवा’ (आईएएस) में भर्ती के लिए ‘गैर-एनपीएससी’ अधिकारियों की सूची में ‘गैर-राज्य सिविल सेवा’ (गैर-एससीएस) उम्मीदवारों को शामिल करने के विरोध में 14 अक्टूबर से नगालैंड के सभी सरकारी कार्यालयों में तीन दिवसीय कलम बंद हड़ताल की घोषणा की है।

कर्मचारी संघ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि योग्यता आधारित चयन को बनाए रखने की बार-बार अपील के बावजूद सरकार की चुप्पी और उदासीनता से राज्य सरकार कर्मचारी संघ बेहद दुखी है। अखिल नगालैंड राज्य सेवा कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार पर देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवाओं में से एक में योग्यतावाद को नष्ट करने और पिछले दरवाजे से अधिकारियों को लाने का आरोप लगाया है।

बयान में कहा गया है कि एसोसिएशन की कोर कमेटी और एक्शन कमेटी की सिफ़ारिश पर पेन-डाउन (कलमबंद) हड़ताल का फ़ैसला लिया गया है। हड़ताल का उद्देश्य दो मुख्य मांगों पर ज़ोर देना है। ये हैं: (1) 25 सितंबर को आईएएस भर्ती के लिए गैर-एससीएस अधिकारियों की शॉर्टलिस्ट की गई सूची से गैर-एनपीएससी उम्मीदवारों को हटाना। (2) 10 मार्च के रिक्ति परिपत्र को बहाल करना, ताकि भविष्य में आईएएस भर्ती के लिए गैर-एससीएस अधिकारियों का पारदर्शिता और योग्यता-आधारित चयन सुनिश्चित हो।

जारी बयान में कर्मचारी संघ ने आगे कहा कि संबंधित विभागों के साथ रूपरेखा तय करने के बाद आहूत पेन-डाउन हड़ताल पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगी। आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से छूट दी जाएगी। विरोध प्रदर्शन के दौरान काले रिबन और प्रचार पोस्टर प्रदर्शित किए जाएंगे। संगठन के सदस्यों को अपने-अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित रहने और विरोध प्रदर्शन के दौरान आधिकारिक प्रोटोकॉल का पालन करने का भी निर्देश दिया गया है।

———–

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Most Popular

To Top