नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन के पास रविवार देररात ई-रिक्शा चालकों के बीच हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। मामूली विवाद के बाद एक ई-रिक्शा चालक ने अपने साथी चालक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि जांच में मृतक की पहचान सैनिक एन्क्लेव, मोहन गार्डन निवासी मोहित (35) के रूप में हुई है। वह पेशे से ई-रिक्शा चालक था। आरोपित की पहचान मूलत: नेपाल निवासी तेजराज जोशी (27) के रूप में हुई है। वह पिछले एक साल से पत्नी और पांच वर्षीय बेटे के साथ मोहन गार्डन इलाके में किराए पर रह रहा था। घटना 4 और 5 अक्टूबर की रात करीब बारह बजे की है। आरोपित तेजराज अपने अन्य साथियों के साथ द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन के पास सवारियों का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसका एक अन्य ई-रिक्शा चालक सुनील कुमार से सवारी को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मृतक मोहित ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन झगड़ा बढ़ता चला गया। गुस्से में आए तेजराज ने अपने पास रखे नुकीले हथियार से मोहित के पेट में वार कर दिया। घायल मोहित को गश्त कर रही पुलिस टीम ने मौके पर देखा और तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मोहित की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपित तेजराज जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध कबूल किया है।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
