Jharkhand

स्वदेशी अभियान से ही आत्मनिर्भर बनेगा भारत : बाबूलाल

कार्यक्रम में बाबूलाल मरांडी
कार्यशाला की तस्वीर
कार्यशाला में शामिल भाजपानेता

रांची, 06 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । झारखंड की राजधानी रांची स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में सोमवार को ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया,जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, चंपई सोरेन सहित प्रदेश पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए।

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भारत स्वदेशी आंदोलन से ही आत्मनिर्भरता के संकल्प को सिद्धि में बदलेगा। स्वदेशी भाव भारत की आत्मा है। इस भाव के लोप होने से ही वर्षों की गुलामी झेलनी पड़ी। स्वतंत्रता आंदोलन में स्वदेशी भाव को मजबूत किया गया। चाहे नमक आंदोलन हो या सत्याग्रह, भारत छोड़ो आंदोलन हो या दांडी मार्च, सभी ने स्वदेशी भाव को ही जागृत किया था। चरखा और खादी स्वदेशी अभियान के ही अस्त्र-शस्त्र थे।

मरांडी ने कहा कि प्राचीन भारत आर्थिक रूप से संपन्न था। मौर्य काल में भारत की भागीदारी विश्व की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 33 प्रतिशत थी। 16वीं शताब्दी तक भारत सबसे बड़ा उत्पादक क्षेत्र था, लेकिन उपनिवेशवाद का दुष्परिणाम हुआ कि भारत की जीडीपी 15 प्रतिशत पहुंच गया और 1947 तक में वैश्विक जीडीपी में भारत की हिस्सेदारी 4 प्रतिशत पहुंच गई। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में भी कांग्रेस की सरकारों ने आत्मनिर्भर भारत की पहल नहीं की। आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जन भागीदारी आवश्यक है। वोकल फॉर लोकल स्वदेशी आंदोलन को आगे बढ़ाएगा। हमें सम्मेलन, गोष्ठी और संपर्क के माध्यम से जन भागीदारी बढ़ानी है।

भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भर भारत बन रहा है। आज भारत में बिकने वाले 99.2 प्रतिशत मोबाइल मेड इन इंडिया हैं। भारत से खिलौने का निर्यात 239 प्रतिशत बढ़ गया। फार्मेसी क्षेत्र में भारत-अमेरिका को 40 प्रतिशत और ब्रिटेन को 25 प्रतिशत दवाई निर्यात करता है। टेक्सटाइल क्षेत्र में छठा बड़ा निर्यातक बना, ट्रैक्टर निर्माण में भारत पहले स्थान पर पहुंच गया। है उन्होंने कहा कि आत्म निर्भर भारत अभियान चौतरफा प्रयास से ही पूरा होगा।

रक्षा राज्य मंत्री मंत्री संजय सेठ ने कहा कि मोदी सरकार ने आपदा को भी अवसर में बदल दिया। आज स्वदेशी आंदोलन देश भर में जोर पकड़ चुका है। दुनिया की अर्थव्यवस्था डगमगा रही, जबकि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। केवल सितंबर माह में जीएसटी संग्रह एक लाख 81 हजार करोड़ रुपये हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत में आज एक लाख 92 हजार स्टार्टअप हैं। देश स्वदेशी उपकरणों के साथ आत्मनिर्भर हो गया है। देश में छह करोड़ से ज्यादा एमएसएमई हैं। रक्षा क्षेत्र में भारत का निर्यात 34 प्रतिशत बढ़ा है। संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए देश के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा नेतृत्व है। उन्होंने जनता को स्वदेशी अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि आगामी 10 से 15 अक्टूबर के बीच होने वाले विधानसभा सम्मेलन स्वदेशी आंदोलन को मजबूती प्रदान करेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम ने जीएसटी सुधार को स्वदेशी आंदोलन की कुंजी बताया । उन्होंने कहा कि स्वदेशी अभियान और जीएसटी सुधार दोनों पूरक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनता की क्रय शक्ति बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है, जिससे स्वदेशी अभियान को मजबूती मिलेगी।

बिहार चुनाव अभियान की दृष्टि से प्रवास पर गए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यशाला को ऑनलाइन संबोधित किया। संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन परितोष सोरेन ने किया। भाजपा सभी राज्य के विधानसभा क्षेत्रों में इस तरह के सम्मेलन आयोजित कर स्वदेशी अभियान को जन-जन तक ले जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top