
जोधपुर, 06 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जोधपुर कांग्रेस पर्यवेक्षक उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दावा किया है कि संगठन की चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। राहुल गांधी के निर्देश पर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जोधपुर में अगले माह तक कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी। यह बात उन्होंने आज सर्किट हाउस में मीडिया से वार्ता करते हुए कही।
दरअसल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से नियुक्त पर्यवेक्षक ने पार्टी के जोधपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति की कवायद शुरू कर दी है। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को यह जिम्मेदारी दी गई है। पर्यवेक्षक आर्य दो दिन से जोधपुर में कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत 6 लोगों के नाम का पैनल आगे भेजेंगे। अगले महीने तक नियुक्ति कर देंगे। आर्य ने दावा किया कि पूर्णतया पारदर्शी तरीका अपनाया जाएगा। वे खुद सभी विधानसभाओं में जाकर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद संगठन के अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएगी। अभी यह प्रक्रिया दस राज्यों में चल रही है।
आर्य ने कहा कि देश के मौजूदा हालात में कांग्रेस को जीतने के लिए एकजुट होने की सख्त जरूरत है। उनसे पूछा कि वर्तमान में कांग्रेस की हार की वजह एकजुटता नहीं होना है तो उन्होंने कहा कि देश में दो स्थितियां बनी है। उनसे निपटने के लिए कांग्रेस को एकजुट होना होगा। इसके बिना कोई मुकाबला नहीं कर सकेंगे। बता दे कि पर्यवेक्षक जिला अध्यक्ष पद के लिए एक पैनल बनाएंगे। इनमें से तीन का चयन कर एआइसीसी को भेजा जाएगा। चुने गए तीन कार्यकर्ताओं का इंटरव्यू एआइसीसी में होगा, जिसके बाद अंतिम नियुक्ति की जाएगी।
(Udaipur Kiran) / सतीश
