
रांची, 5 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले ग्रुप) ने झारखंड प्रदेश इकाई का पुनर्गठन रविवार को किया।
रांची में पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सर्वसम्मति से शिव उरांव को प्रदेश अध्यक्ष और नारी सेना की अध्यक्ष पूनम सिंह को महिला प्रदेश अध्यक्ष चयनित किया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विजय प्रसाद गुप्ता ने इसकी औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक हक और न्याय पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
गुप्ता ने कहा कि झारखंड में 40 प्रतिशत से अधिक खनिज होने के बावजूद दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई व्यवस्था में सुधार आवश्यक है। उन्होंने अनुसूचित जाति आयोग (एससी कमीशन) के गठन की मांग की, ताकि दलित समाज को न्याय मिल सके। साथ ही झारखंड में विश्वस्तरीय खेल अकादमी की स्थापना पर बल दिया।
मौके पर अशोक कुमार गुप्ता, प्रदीप कुजूर, देवी दयाल मुंडा, सिकंदर उरांव, रुखसाना परवीन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
