
मंडी, 5 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा था कि आत्मनिर्भरता के बिना हमारी आजादी अधूरी है। बिना आत्मनिर्भरता के विकसित भारत का संकल्प भी आसान नहीं होगा। इसीलिए 12 मई 2020 को प्रधानमंत्री जी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत की थी। आत्मनिर्भर भारत के अभियान के परिणाम आज देश के सामने हैं। हम छोटे-छोटे हथियार ही नहीं उन्नत किस्म के पांचवी पीढ़ी के फाइटर प्लेन भी बना रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर में हमारी काबिलियत और क्षमता का लोहा पूरी दुनिया ने देखा। शत प्रतिशत सफलता के पीछे रक्षा के क्षेत्र में हमारी आत्मनिर्भरता ही थी।धरती से लेकर आसमान तक समुद्र की अतल गहराइयों से लेकर अंतरिक्ष तक भारत और भारतीयता का डंका बज रहा है। चिप से लेकर शिप तक, मिसाइल से लेकर चंद्रयान और गगनयान भारत में बन रहे हैं और दुनिया में अपनी धाक जमा रहे हैं। हमारे आत्मनिर्भरता का लक्ष्य तभी आसानी से हासिल होगा जब हम स्वदेशी, मेड इन इंडिया उत्पादों को गर्व से अपनाएंगे। आज भारत में बने उत्पादों की गुणवत्ता वैश्विक मानकों के ऊपर है। आत्मनिर्भर भारत की मुहिम में जिस तरीके से हर भारतीय का सहयोग मिल रहा है उसे यह साफ है कि विकसित भारत का लक्ष्य हम निर्धारित समय के पहले हासिल कर लेंगे।भारत सरकार द्वारा दिया गया पैसा सुक्खू सरकार खर्च नहीं कर पा रही है इसलिए वापस कर रही है। इस सरकार का फोकस विकास की बजाय केंद्र सरकार पर आरोप लगाना है। पैसे ना देने का रोना रोते रहना है। इस बार जब हिमाचल प्रदेश के दौरे पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल आए तो 123 करोड़ रुपए मातृ शिशु सुरक्षा योजना के लिए दिया। देश का स्वास्थ्य मंत्री जाकर हिमाचल में कह रहा है कि केंद्र द्वारा दिया गया पैसा हिमाचल के हित में लगाइए लेकिन सुक्खू सरकार नहीं लगा पा रही है। इस निकम्मेपन के लिए जिम्मेदार कौन है। यह प्रदेश के बदहाल होते स्वास्थ्य विभाग की ही बात नहीं है यह प्रदेश के हर विभाग की स्थित है। जिसे सुधारना होगा सरकार अपना फोकस केंद्र सरकार और भाजपा को गाली देने के बजाय विकास पर करे। जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के सभी स्थाई आमंत्रित सदस्यों एवं कार्य समिति के सदस्यों को नवीन दायित्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी वरिष्ठ सहयोगियों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन तथा युवा साथियों के उत्साह, कार्य कुशलता एवं समर्पण से भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
