
शिमला, 04 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी देश सेवा के 100 वर्ष पूरे कर एक शानदार शताब्दी मना रहा है। उन्होंने कहा कि संघ दुनिया का सबसे बड़ा और अपनी तरह का अनोखा संगठन है, जिसके लगभग 50 से अधिक अनुषांगिक संगठन समाज के विभिन्न वर्गों—मजदूरों से लेकर साहित्यकारों तक—में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शांता कुमार ने शनिवार को एक बयान में कहा कि विश्व इतिहास में यह पहला संगठन है जिसने 100 वर्षों की सफल और प्रेरणादायक यात्रा पूरी की है। आज के भौतिकवादी युग में, जब अधिकांश लोग धन के पीछे भाग रहे हैं, तब संघ युवाओं को देशभक्ति की भावना से प्रेरित कर उन्हें परिवार और आराम का जीवन छोड़कर देश सेवा के लिए समर्पित प्रचारक बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने इसे एक बड़ी साधना और चमत्कार बताया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने भी चार वर्षों तक प्रचारक के रूप में जीवन व्यतीत किया। उन्होंने कहा कि आज भारत का स्वर्ण युग चल रहा है—पांच सौ वर्षों के संघर्ष के बाद श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया और लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्रीय स्तर पर कोई विकल्प नहीं है। ‘ऑपरेशन सिंधूर’ जैसी ऐतिहासिक सफलता ने भारत को विश्व मंच पर नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।
शांता कुमार ने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर यह गर्व का विषय है कि देश के कई राज्यों में मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक संघ के स्वयंसेवक जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई दृष्टियों से आज का समय भारत का स्वर्ण युग कहा जा सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
