
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां के सिविक सेंटर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अपने प्रिय नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सभा की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने की।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. अनिल अग्रवाल भी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि मल्होत्रा का राजनीतिक जीवन दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा को नई दिशा देने वाला रहा। उन्होंने संघ, जनसंघ, भाजपा और विद्यार्थी परिषद के साथ-साथ खेलों में भी असंख्य लोगों को प्रेरित किया। वे गणित और राजनीति दोनों के गहन ज्ञाता थे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह शोकसभा नहीं बल्कि प्रेरणा सभा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास कार्यों की नींव मल्होत्रा ने रखी और उनके संघर्षों से भाजपा आज सत्ता में आई है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि मल्होत्रा की सरलता, विनम्रता और उनके आदर्श हमेशा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. अनिल अग्रवाल ने कहा कि मल्होत्रा सादगी, ईमानदारी और सेवा भाव के प्रतीक थे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा ने कहा कि अनुशासन, धैर्य और संयम का महत्व मल्होत्रा से सीखा जा सकता है। उन्होंने विपक्ष का सम्मान भी अर्जित किया और अपनी बातों का लोहा भी मनवाया।
श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, योगेन्द्र चंदोलिया, बांसुरी स्वराज, संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, महापौर राजा इकबाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, सतीश उपाध्याय सहित भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और मल्होत्रा परिवार के सदस्य भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
भाजपा की दिल्ली प्रदेश इकाई के प्रथम अध्यक्ष प्रो. मल्होत्रा का मंगलवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
————–
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
