
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय विजय कुमार मल्होत्रा की प्रार्थना सभा आयोजन शुक्रवार को केदारनाथ साहनी सभागार सिविक सेंटर में किया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विजय कुमार मल्होत्रा को यहां श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “श्रद्धेय मल्होत्रा जी दिल्ली की राजनीति के ध्रुव तारे थे, जिन्होंने राष्ट्रसेवा, सत्यनिष्ठा और सादगी को अपने जीवन का आधार बनाया। पांच बार सांसद, दो बार विधायक और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को सशक्त नींव प्रदान की। उन्होने कहा कि शिक्षा, विकास और संगठन के लिए प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का विजन आज भी दिल्ली के हर कोने में दिखता है। चाहे कॉलेज हों, स्कूल हों, या नीति निर्माण, मल्होत्रा जी की छाप हर जगह है। आज दिल्ली को उनकी कमी खल रही है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सेवा और सिद्धांतों के प्रति अटल निष्ठा ही सच्ची विरासत है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों एवं कार्यकताओं को यह दुख सहने की शक्ति दें।
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
