CRIME

जींद :पानी निकासी विवाद में भाई ने भाई को गोली मार किया घायल

सदर थाना नरवाना।

जींद, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । गांव डूमरखां कलां में नाली सफाई के दौरान शुक्रवार को महिलाओं के बीच हुई कहासुनी को लेकर एक भाई ने दूसरे भाई पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को नरवाना नागरिक अस्पताल से अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

गांव डूमरखां कलां निवासी 42 वर्षीय संजीव तथा मनजीत परिवार की महिलाओं के बीच शुक्रवार को नाली सफाई को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान तैश में आए मनजीत ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से संजीव पर फायरिंग कर दी। जिसमें संजीव के पेट, जांघ तथा पैर में तीन गोलियां लगीं, जिसमें संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजनों द्वारा उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने संजीव की गंभीर हालात देख अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।

घटना को अंजाम देकर आरोपित मनजीत फरार हो गया। आरोपित मनजीत तथा घायल संजीव आपस में चाचा व ताऊ के बेटे हैं और रिश्ते में एक दूसरे के भाई हैं।

सदर थाना नरवाना प्रभारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों परिवारों में कहासुनी के चलते मनजीत ने अपने लाइसेंसी असलहा से फायर कर संजीव को घायल कर दिया। आरोपित मनजीत फरार है। पुलिस जांच में जुटी है।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top