Uttar Pradesh

संघ शताब्दी वर्ष: अवध प्रान्त में मण्डल व बस्ती स्तर पर हुए पथ संचलन

पथ संचलन करते स्वयंसेवक

लखनऊ में 50 स्थानों पर हुए शताब्दी वर्ष के उद्घाटन के कार्यक्रम

लखनऊ,02 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विजयादशमी के अवसर पर गुरूवार को अवध प्रान्त के सभी जिलों में मण्डल व बस्ती स्तर पर पथ संचलन निकाले गये। पूर्ण गणेवशधारी स्वयंसेवकों ने संचलन गीत ‘संगठन गढ़े चलो सुपंथ पर बढ़ो चलो’ भला हो जिसमें देश का वह काम सब किये चलो’ गाते हुए संचलन निकाला। कई स्थानों पर स्वयंसेवकों ने घोष के साथ भी संचलन निकाला। अयोध्या में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में स्वयंसेवकों ने रामकथा पार्क से राम मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार तक पथ संचलन निकाला। मार्ग में संतों ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा भी की। वहीं राजधानी लखनऊ में विजयादशमी के अवसर पर 50 स्थानों पर हुए शताब्दी वर्ष के उद्घाटन के कार्यक्रम संपन्न् हुए और स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकाला।

लखनऊ के सह विभाग कार्यवाह ब्रजेश ने बताया कि लखनऊ विभाग में चार भाग हैं। इन चारों भागों में मिलाकर कुल 411 बस्तियां हैं। संघ ने शताब्दी वर्ष में बस्ती स्तर पर पथ संचलन निकालने की योजना बनाई है। लखनऊ विभाग में 02 अक्टूबर से 12 अक्टूबर के बीच बस्ती के कार्यकर्ता अपनी योजना से पथ संचलन निकालेंगे। गुरूवार को लखनऊ में 50 स्थानों पर पथ संचलन संपन्न हुए हैं। इन स्थानों पर संघ के प्रान्त व क्षेत्र स्तर के अधिकारी भी शामिल हुए हैं।

बजरंग नगर में शामिल हुए धर्मपाल

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल बजरंगनगर के विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह शास्त्री नगर के विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल हुए। हिन्दू जागरण मंच के क्षेत्र संगठन मंत्री हितेश संवाद नगर के बालू अड्डा और प्रशान्त भाटिया भरत नगर में शामिल हुए।

संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य प्रेम कुमार उत्तर भाग के भरत नगर, सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोजकांत विवेकानन्द नगर और क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख मनोज मधुकर नगर के विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं इतिहास संकलन योजना के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री संजय श्रीहर्ष भरत नगर,क्षेत्र धर्मजागरण प्रमुख अभय लक्ष्मण नगर,विभाग प्रचारक अनिल वीर हकीकत नगर और स्वामी मुरारी दास रामनगर के विजयादशमी उत्सव में शामिल हुए।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top