
रांची, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । झारखंड के चार जिलों में 3 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी है।
विभाग के अनुसार झारखंड के जिन जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है उनमें राज्य के उत्तर पश्चिम जिले पलामू गढ़वा लातेहार और चतरा शामिल हैं।
मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं विभाग की ओर से राज्य के कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है। इनमें उत्तर पश्चिमी, उत्तर मध्य और इससे सटे मध्यवर्ती जिले शामिल हैं। इन जिलों में गर्जन के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम में बदलाव कि वजह से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण यह स्थिति बनी है।
इस संबंध में मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव की वजह से 10 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर- उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। इसके गुरुवार को लगभग 360 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 360 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, पुरी (ओडिशा) से 390 किमी दक्षिण और गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने एवं मध्य रात्रि से तीन अक्टूबर की सुबह तक गोपालपुर और पारादीप के बीच पहुंचने की संभावना है। साथ ही इसके ओडिशा और सीमावर्ती आंध्र प्रदेश के तटों को पार करने की प्रबल आशंका है।
उल्लेखनीय है कि एक अक्टूबर को यह निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और पूर्व के पास, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 360 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 360 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, पुरी (ओडिशा) से 390 किमी दक्षिण और पारादीप (ओडिशा) से 450 किमी दक्षिण में केंद्रित था।
वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे तापमान में कमी दर्ज की गई। साथ ही ठंड का एहसास हुआ। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश हजारीबाग डीबीसी में 75.6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।
इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 36.8 डिग्री, सरायकेला में और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 33 डिग्री, जमशेदपुर में 34.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 34.6, बोकारो में 30.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
