Haryana

सिरसा: विजयदशमी पर सैकड़ों संघ कार्यकर्ताओं ने किया पथ संचलन

कार्यक्रम को संबोधित करते बाबा ब्रह्मदास व अन्य।

सिरसा, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ सिरसा द्वारा गुरुवार को विजयदशमी के दिन अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में घोष के साथ पथ संचलन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य डेरा बाबा भूमणशाह के उदासीन संत बाबा ब्रह्मदास महाराज ने कहा कि स्वयं की सुरक्षा के लिए शस्त्र उठाना ही होगा। क्योंकि स्वयं की सुरक्षा होगी, तभी समाज व देश की रक्षा होगी। उन्होंने कहा कि स्वयं, समाज, देश, गाय व बेटी की रक्षा के लिए शस्त्र उठाने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर सभी नगरवासियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रहित में कार्य करना संघ की मुख्य विशेषता है। समाज और देश को ऐसे संगठन की अब पहले से भी अधिक आवश्यकता है।

मुख्य वक्ता के रूप में विजय नढ़ा ने संघ के 100 साल पूर्ण होने पर उसके स्थापना और 100 साल के जीवनकाल के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि लाखों स्वयंसेवकों ने अपनी त्याग व तपस्या के द्वारा संघ का विस्तार किया। जिस प्रकार आदिकाल में राक्षस साधु-संतों को तंग करते थे, आज की स्थिति में अंग्रेजों और कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रीय स्वयं संघ जैसे संत समान संगठन को बिना किसी कारण के तंग करने की कोशिश की। परंतु संघ समाज और स्वयंसेवकों की तपस्या से निरंतर बढ़ता रहा। आज के समय में संघ के स्वयंसेवक 50 से भी अधिक अखिल भारतीय संगठन चला रहे हैं। संघ में सौं वर्ष पूर्ण होने पर पंच परिवर्तन का निर्णय लिया।

सेवानिवृत्त कैप्टन सुखमिंद्र सिंह ने कहा कि सेना की तरह ही राष्ट्रीय स्वयं संघ राष्ट्रभक्ति में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सदस्य देश के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहे है और प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा और सुरक्षा बलों को आधुनिक हथियारों से सुसज्जित किया है। यह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की पाठशाला से शिक्षित प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि से हुआ है। जयंत शर्मा मीडिया प्रभारी प्रचार विभाग राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ जिला, सिरसा ने बताया कि इसी कड़ी में सिरसा नगर में दो उपनगरों महर्षि वाल्मीकि नगर व गौतम बुद्ध नगर के कार्यक्रम 5 अक्तूबर को आयोजित किए जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Most Popular

To Top