
– मुख्यमंत्री निवास में हुआ कन्या पूजन
भोपाल, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शारदीय नवरात्र की महानवमी पर बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में कन्या-पूजन कर भोजन कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्याओं का तिलक कर पांव पखारे। उन्होंने कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर आरती की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्याओं से संवाद कर उन्हें दुलार भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या-पूजन के बाद कन्याओं को स्वयं अपने हाथों से भोजन परोसा और बड़े मनुहार से कन्याओं की रूचि के अनुरूप खीर, पूरी और मिष्ठान भी खिलाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या भोज के बाद सभी कन्याओं को उपहार देकर उनका शुभाशीष लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजयादशमी की दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने जीवन में भी बुराई को दूर कर अच्छाइयां अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस पर्व के अवसर पर प्रदेश में शांति और सौहार्द्र तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, की कामना की।
(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत
