
-बाढ़ से धान का उत्पादन घटा, सरकार दे 1000 प्रति क्विंटल मुआवजा
-राव नरेंद्र सिंह के प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति से पार्टी को मिलेगी मजबूती
चंडीगढ़, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने का स्वागत करते हुए कहा है कि हुड्डा के सीएलपी बनने से मौजूदा सरकार की विफलताएं प्रमुखता से उजागर होंगी।
बुधवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में अशोक अरोड़ा ने कहा कि पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान का कार्यकाल बेहतर रहा है। उनके नेतृत्व में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव लड़े गए। दोनों चुनावों में पार्टी का वोट शेयर बढ़ रहा है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 10 में से पांच सीटें जीती थी, जिससे स्पष्ट है कि उन्होंने भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया, जिसका असर लोकसभा चुनाव में देखने को मिला।
अरोड़ा ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही सरकार की जनविरोधी नीतियों को प्रमुखता से उठा रहे हैं, अब सदन से लेकर सडक़ तक जनता की आवाज को बाखूबी उठाएंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की नए प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ता सरकार के जनविरोधी फैसलों और नीतियों को घर-घर पहुंचाने में अपना भरपूर योगदान देंगे।
कहा कि प्रदेश में पिछले दिनों आई बाढ़ के चलते धान की पैदावार में 40 से 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पैदावार कम होने के साथ ही मंडियों में के नमी के नाम पर कट लगाकर किसानों से लूट की जा रही है। पैदावार कम होने के चलते सरकार, किसानों को एक हजार रुपये प्रति क्विंटल मुआवजा दे।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, लेकिन सरकार की कोई उपलब्धि नहीं है। खरीफ सीजन के दौरान मंडियों में फसल की आवक जोरों पर है, लेकिन किसानों को एमएसपी नहीं मिल रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
