RAJASTHAN

दशहरा गुरुवार काे : जाेधपुर शहर में कई स्थानों पर होगा रावण दहन

jodhpur

जोधपुर, 01 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व गुरुवार को शहर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान शहर में कई स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। प्रमुख रूप से रावण का चबूतरा (रामलीला) मैदान में नगर निगम की ओर से 70 फीट ऊंचे रावण के दहन का मुख्य कार्यक्रम होगा। इसके अलावा ठाकुरजी मंदिर ग्राउंड में 101 और रामतलाई नाडी में 85 फीट के रावण के पुतले को दहन के लिए तैयार किया गया है।

रामलीला मैदान में दशहरा पर इस बार 70 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। दशहरा पर्व की नगर निगम द्वारा पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। ब्ल्यू सिटी के रूप में पहचान रखने वाले जोधपुर में इस बार रावण को नीले रंग की अचकन और जोधपुर जूती पहनाई गई है। रावण के अलावा मेघनाद और कुंभकर्ण का पुतला 40 फीट और शूर्पणखा एवं ताडक़ा के पुतले 30 फीट के बनाए गए हैं। गोधूलि वेला में रावण दहन किया जाएगा। रिमोट से रावण की नाभि में अग्निबाण लगते ही हाथ में चकरी घूमेगी, तलवार हिलेगी। रावण के मुंह एवं आंखों से 251 अंगारे बरसेंगे। चीख भी सुनाई देगी। रावण दहन के बाद करीब डेढ़ घंटे तक आतिशबाजी की जाएगी। रावण दहन लंबा चले, इसके लिए पुतले को सूती कपड़े में मलेट लगाकर तैयार किया है।

सबसे ऊंचा 101 फीट ऊंचा रावण :

वहीं विजयादशमी पर्व पर गुरुवार को शाम 7.30 बजे ठाकुरजी मंदिर ग्राउंड में जोधपुर का सबसे ऊंचा 101 फीट ऊंचा रावण दहन किया जाएगा। आयोजनकर्ता ठाकुरजी विकास एवं सेवा समिति के सुखराम भंवरिया व आरएलपी फ्रेंड्स क्लब के सम्पत पूनिया ने बताया कि इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आतिशबाज़ी का भी विशेष आयोजन रहेगा।

नारायण सेवा समिति की ओर से दशहरा महोत्सव :

मगरा पूंजला स्थित रामतलाई नाडी में भी नारायण सेवा समिति की ओर से गुरुवार को दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। इस बार यहां लंका भी बनाई है, जिसका रावण दहन से पहले हनुमानजी दहन करके महोत्सव की शुरुआत करेंगे। महोत्सव में पहली बार डिजिटल आतिशबाजी होगी। रामतलाई नाडी में 250&250 फीट में रावण का घेरा बनाया गया है, जहां 85 फीट का रावण, 60-60 फीट के कुंभकरण, मेघनाथ और शूर्पणखा के पुतले खड़े किए गए है। मीडिया प्रभारी जगदीश देवड़ा ने बताया कि रावण दहन के बाद आधे घंटे तक आतिशबाजी होगी। कार्यकर्ता सभी व्यवस्थाओं को पुख्ता करने में जुटे हुए हैं।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top