हावड़ा, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । अष्टमी की रात हावड़ा शहर के विनोद बिहारी बोस रोड पर अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। घटना में उस व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का नाम सुरेश यादव है, जो बिहार के गोपालगंज जिले का निवासी था। घटना रात लगभग 9 बजे हुई, जब सुरेश यादव सड़क पर टहल रहे थे। तभी अचानक 5-6 युवक बाइक पर सवार होकर आए और उन पर गोलियां चला दी। हमलावर गोलीबारी के बाद मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल सुरेश यादव को हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर पाकर हावड़ा सिटी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की तलाश में पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि सुरेश यादव दो दिन पहले ही हावड़ा आए थे। वे यहां अपने एक रिश्तेदार के घर गृहप्रवेश समारोह में शामिल होने आए थे। जानकारी के मुताबिक सुरेश यादव की पत्नी गोपालगंज जिले के एक पंचायत की प्रधान हैं। सुरेश और उनकी पत्नी के खिलाफ वहां कई असामाजिक गतिविधियों के आरोप लगे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसी दुश्मनी के चलते यह हत्या की गई है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की तस्वीर नजर आई है। उनकी शिनाख्त के लिए बिहार पुलिस की भी मदद ली जा रही है। इस संबंध में हावड़ा पुलिस ने गोपालगंज जिला प्रशासन से संपर्क साधा है।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
