HimachalPradesh

हिमाचल के मुख्य सचिव पद से प्रबोध सक्सेना सेवानिवृत, सम्मान समारोह का आयाेजन

मुख्य सचिव सम्मान समारोह आयोजित

शिमला, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना मंगलवार काे सेवानिवृत हाे गए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर राज्य सचिवालय में एक भावभीना सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सचिवालय प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

समारोह में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने अपने सेवाकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपने गठन के बाद निरंतर प्रगति की है और यह सफलता प्रदेश के लोगों, नेतृत्व, अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकारी और कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करते हैं। चाहे मौसम कितना भी प्रतिकूल हो, कर्मचारी हमेशा उत्कृष्ट सेवाएं देने में पीछे नहीं रहते।

उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल के लोग मेहनती और ईमानदार हैं और यहां काम करते हुए उन्हें हमेशा अपनेपन और परिवार जैसा वातावरण मिला। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि यह राज्य उनके दिल के बहुत करीब है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत ने प्रबोध सक्सेना की सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

सचिव, सचिवालय प्रशासन राकेश कंवर ने समारोह की शुरुआत में मुख्य सचिव का स्वागत किया और उनके कार्यकाल को प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर सचिवालय प्रशासन विभाग की ओर से तीन अन्य अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त हो रहे अनुभाग अधिकारी उमेश, निरीक्षक मुरारी लाल और केयर टेकर रूपेंद्र सिंह को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सचिवालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top