
हिसार, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हिसार शहर पहली बार एक अद्वितीय संगीतमय और आध्यात्मिक
संगीत कार्यक्रम का साक्षी बनने जा रहा है। संस्कृति ग्रुप की तरफ से ‘रास गोविन्दम’ नामक यह आयोजन 5 अक्तूबर
से शहर के द ताज पैलेस में होगा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक
हरी बोल बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी। साथ ही मंच पर कृष्ण भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक
प्रस्तुतियाँ भी होंगी, जो भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और रास की झलक प्रस्तुत करेंगी।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए संस्कृति ग्रुप की तरफ से विनीता
जैन, रेनु लाहोरिया, तरुणा ढांडा, और डेज़ी अहलावत ने मंगलवार काे बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य
वृंदावन की पावन रास परंपरा और कृष्ण भक्ति की भावना को हिसार तक पहुंचाना है। वह चाहते
हैं कि लोग न केवल संगीत का आनंद लें, बल्कि इसे अपनी आस्था और भावनाओं से भी जोड़ें।
इस आयोजन की मुख्य अतिथि सावित्री जिंदल, विधायक हिसार होंगी। शहर के अनेक उद्योगपति,
संस्थान और सामाजिक संगठन इस भव्य आयोजन से जुड़े हुए हैं। इस कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएँ
रीयासा इवेंट्स की तरफ से शिवम कंसल संभालेंगे। मंच संचालन का कार्य एंकर विशाल जिंदल
संभालेंगे।
उन्होंने कहा कि ‘रास गोविन्दम’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि यह प्रेम, भक्ति
और संगीत का संगम होगा, जो हर दर्शक के हृदय को छू लेगा। हिसार की जनता को पहली बार
ऐसा अनुभव मिलेगा जो उन्हें वृंदावन की भक्ति की गहराई से जोड़ देगा। उन्होंने बताया
कि इस कार्यक्रम में विशेष बात ये रहेगी कि हिसार में पहलेी बार महाआरती का भी आयोजन
होगा। अब तक गंगा या यमुना नदियों के किनारे होने वाली महाआरती के लिए विशेरू रूप से
दिल्ली से टीम आयेगी। इसके अलावा वृन्दावन से लाइव बैंड, फूलों की होली, रासलाली डांडिया,
आकर्षक फेस्टिवल व वृन्दावन फूड स्टाॅल का भी इंतजाम होगा। कुल मिलाकर ये कार्यक्रम
लोगों के लिए यादगार बन जायंगा।
संस्कृति ग्रुप की सदस्याओं ने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम में प्रवेश केवल
फैमिली और कपल एंट्री कार्ड द्वारा ही दिया जाएगा। परिवार के साथ आने वाले आठ वर्ष
तक के बच्चों के लिए भी प्रवेश की अनुमति रहेगी। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग और
अन्य व्यवस्थाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इस मौके पर प्रतिभा सिंह, संध्या
वर्मा, रिम्पल मित्तल, रेनू सैनी, ममता सिंघल, वंदना गुप्ता और दीपाली बंसल संस्था
सदस्य, शिवम कंसल, विशाल जिंदल, मन्नी ढिल्लों आदि भी उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
