West Bengal

दुर्गा पूजा के बीच नई प्रदेश कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने में जुटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

शमिक भट्टाचार्य

कोलकाता, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के पर्व की शुरुआत के बीच भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, खासकर प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, दो महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

पहला कार्य प्रदेश भाजपा की नई राज्य समिति का गठन पूरा करना है। केंद्रीय नेतृत्व चाहता है कि दुर्गा पूजा के बाद और दीपावली (18 अक्टूबर) से पहले नई समिति की घोषणा हो जाए, ताकि समिति अक्टूबर के अंत से ही आगामी वर्ष की तैयारियों में सक्रिय हो सके। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश अध्यक्ष और अन्य शीर्ष नेता संभावित नामों की सूची को अंतिम रूप दे रहे हैं।

दूसरा अहम कार्य तृणमूल कांग्रेस के राज्यव्यापी अभियानों का जवाब तैयार करना है। तृणमूल कांग्रेस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) को राज्य में एनआरसी थोपने की साजिश करार दे रही है और भाजपा शासित राज्यों में बंगालियों के कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठा रही है। इसके जवाब में भाजपा एक विस्तृत ‘काउंटर नैरेटिव’ रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी का मानना है कि केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर मजबूत अभियान चलाना जरूरी है।

भाजपा का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस का विरोध केवल अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को बचाने की साजिश है, जिन्होंने पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में नाम दर्ज करवा लिए हैं। वहीं, बंगालियों के उत्पीड़न के मुद्दे पर भाजपा यह बताने की रणनीति बना रही है कि राज्य की औद्योगिक बदहाली ने लाखों बंगालियों को बेहतर रोज़गार की तलाश में अन्य राज्यों की ओर पलायन करने पर मजबूर कर दिया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, दुर्गा पूजा के बाद इन दोनों मोर्चों पर भाजपा का अभियान तेज हो जाएगा और प्रदेश की नई समिति संगठनात्मक रूप से सक्रिय भूमिका निभाना शुरू करेगी।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top