
जोधपुर, 30 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । शहर में आज नवरात्रि के आठवें दिन होमाष्टमी के पावन अवसर पर भक्तिभाव की विशेष छटा देखने को मिल रही है। घर-घर में कन्या पूजन और हवन जैसे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखी गई। भक्त माता रानी के जयकारों के साथ दर्शन करने पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह से ही घरों में कन्या पूजन कार्यक्रम होने लगे। नवरात्रि पर व्रतोपवास करने वाले लोगों ने आज कन्या पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। कन्या पूजन के उपरांत कन्याओं को उत्तम भोजन, वस्त्रादि की भेंंट की गई।
शहर के ऐतिहासिक मेहरानगढ़ किले में स्थित देवी मंदिर में भी सुबह से ही दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। कुछ श्रद्धालु माता का धन्यवाद करने आए, जिनकी मनोकामनाएं पहले पूरी हुई थीं, तो कुछ श्रद्धालु अब अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए माता के चरणों में प्रार्थना कर रहे हैं।
मंदिर में दर्शनार्थ आने वाले भक्तों के लिए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश के निर्देशन में विशेष प्रबंध किए गए हैं। वहीं, मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट की ओर से भी दर्शनार्थियों को सुविधाएं प्रदान करने में पूरा सहयोग किया गया।
सेवा भारती समिति जोधपुर के तत्वावधान में आज 23वां सामूहिक कन्या पूजन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 9.30 बजे सिवांची गेट स्थित महेश स्कूल परिसर में रखा गया। इस वर्ष 1008 कन्याओं के पूजन किया गया। संयोजक चेतन सोनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में जोधपुर के सभी प्रमुख संत एवं मुख्य यजमान नौ कन्याओं एवं दो भैरव का पूजन किया। तत्पश्चात सभी कन्याओं को श्रृंगार, फल व मिष्ठान भेंट किया गया। कन्याओं को लाने-ले जाने के लिए लगभग 40 बसों की व्यवस्था की गई। मेहरानगढ़ स्थित चामुंडा मंदिर परिसर में होमाष्टमी की रात हवन प्रारंभ किया गया , जिसकी पूर्ण आहुति एक अक्टूबर नवमी को सुबह 11.15 से 11.50 बजे के बीच होगी।
(Udaipur Kiran) / सतीश
