नाहन, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पांवटा साहिब में इस बार दशहरा पर्व का जश्न पहले से भी ज्यादा भव्य और रोमांचक होने जा रहा है। मैदान में खड़े 50 फुट ऊँचे रावण, 45 फुट के मेघनाथ और 40 फुट ऊँचे कुंभकरण के विशाल पुतले लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
हर साल की तरह इस बार भी दशहरे पर हजारों की भीड़ उमड़ेगी और लोग आतिशबाज़ी, झांकियों और पुतला दहन का नज़ारा देखेंगे। नगर परिषद ने इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए महीनों पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। झांकियों और पुतलों का टेंडर पहले ही करवा दिया गया था और अब मैदान सज-धजकर तैयार है।
हरिद्वार से आए कारीगरों ने बताया कि पुतले बनाने का यह काम उनकी पुश्तैनी पहचान है। उन्होंने कहा कि हमारे पिता भी यही काम करते थे और अब हम इसे आगे बढ़ा रहे हैं। 22 सितंबर से लगातार सुबह से देर रात तक काम करते-करते ये शानदार पुतले तैयार किए गए हैं। पांवटा साहिब की मिट्टी में रचा-बसा उनका हुनर अब दशहरे पर रंग दिखाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष निर्मल कौर और उपाध्यक्ष ओ पी कटारिया ने कहा कि इस बार का दशहरा ऐतिहासिक होगा। हमने सुरक्षा, ट्रैफिक और सभी इंतज़ामों पर विशेष ध्यान दिया है। लोगों के लिए यह यादगार और सुरक्षित पर्व होगा
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
