RAJASTHAN

मनसा माता को मंगलवार काे अर्पित होंगे 108 नील कमल

मनसा माता को मंगलवार काे अर्पित होंगे 108 नील कमल

जयपुर, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर मंगलवार को देवी मंदिरों में विशेष अनुष्ठान होंगे। कई घरों में कन्या-बटुकों का पूजन कर भोजन कराया जाएगा। कनक घाटी आमेर रोड स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविन्द देव जी के मातहत मंदिर श्री देवी मनसा माता में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में अष्टमी तिथि को एक सौ आठ नील कमल के पुष्प अर्पित किए जाएंगे। इससे पूर्व विशेष संधि पूजन किया जाएगा। मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि इससे पूर्व सप्तमी तिथि को मूल नक्षत्र में पूजन किया गया। सप्तमी तिथि को मां कालरात्रि की आराधना की गई। माता रानी का विशेष श्रृंगार कर चंडी पाठ किए गए।

उधर आमेर स्थित शिला माता मंदिर में सोमवार को पूर्व राज परिवार ने निशा पूजन किया। दिन भर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मातारानी के दर्शन किए। मंदिर के पट खुलने से पूर्व ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आमेर महल पहुंच गए। अनेक लोग पैदल परिक्रमा करते हुए शिला माता मंदिर ढोक देने पहुंचे।

मंदिर के पुजारी बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि नवरात्र के दौरान दर्शन का समय प्रतिदिन सुबह 6 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एवं शाम 4 बजे से रात 8:30 बजे तक रहेगा। दोपहर 12:30 से शाम 4 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। आमेर के मनसा माता मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। दुर्गापुरा के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में महंत महेन्द्र भट्टाचार्य के सान्निध्य में सोमवार को माता रानी का विशेष श्रंगार कर ऋतु पुष्पों से श्रृंगार किया गया। दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। शाम को भजन-अर्चन हुआ।

दुर्गा गायत्री से अर्पित की आहुतियां

गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी, किरण पथ मानसरोवर स्थित श्री वेदमाता गायत्री वेदना निवारण केन्द्र, गायत्री शक्तिपीठ वाटिका, गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़, गायत्री चेतना केंद्र दुर्गापुरा, गायत्री चेतना केंद्र वैशाली नगर, गायत्री चेतना केंद्र जनता कॉलोनी सहित अन्य प्रज्ञा केन्द्रों पर गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित की।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top