
जींद, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं जन सरोकारों के प्रति संकल्पबद्ध प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। वर्तमान युग सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्रांति का युग है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को सुशासन व्यवस्था देते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से जीरो टॉलरेंस पर कार्य किया जा रहा है। डिजिटल हरियाणा के सपने को पूरा करने का काम किया जा रहा है। पेपर रहित रजिस्ट्री, निशानदेही मिलने से प्रदेश वासियों को राहत मिलेगी और उन्हें घर बैठे ही सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा सोमवार को राजस्व विभाग द्वारा डीआरडीए हॉल में आयोजित पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, पेपर रहित निशानदेही, व्हाट्सअप, चैटबोट, राजस्व न्याय निगरानी प्रणाली पोर्टल लांच के जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उचाना के विधायक देवेन्द्र चतुर्भुज अत्री विशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र जिला की बाबैन तहसील से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
डिप्टी स्पीकर डा. मिड्ढा ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में आमजन को दी जाने वाली कई सेवाओं को ऑनलाइन किया था। उसी परिपाटी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता के लिए कार्य कर रहे हैं और महत्वपूर्ण सेवाओं को उनके घर द्वार तक पहुंचाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू कर रहे है। देवेंद्र चतुर्भुज अत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नित नए विकास के आयाम स्थापित कर रही है। पेपरलेस व्यवस्था देकर ऐतिहासिक कार्य किया गया है।
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
