मुंबई, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुंबई शहर व उपनगरों में शनिवार रात से रविवार को झमाझम बारिश दर्ज की गई। इस बीच तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ को बारिश के येलो अलर्ट पर रखा गया है। बुधवार से बारिश का जोर कम हो जाएगा। एक तरह से इसे इस साल के मानसून के वापसी का संकेत माना जा रहा है। बुधवार से बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण यह स्थिति निर्माण हुई थी। मुंबई में बारिश ने साल भर के आंकड़ें को पार कर लिया है। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो स्थिति सामान्य रही। सड़क, रेल और हवाई यातायात पर कोई खास असर नहीं पड़ा। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले सहित राज्य के कई जिलों में रविवार को बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था। शासन-प्रशासन के साथ ही लोगों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया था। शनिवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण राज्य के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात निर्माण हो गए। नदियों और बांधों का जलस्तर बढ़ने के कारण कई इलाकों में बाढ़ आने से लोग प्रभावित हुए और फसलों- बागानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
मुंबई और ठाणे में अच्छी बारिश हुई। कुछ निचले इलाकों में सुबह में थोड़ा-बहुत जलजमाव हुआ लेकिन पानी निक गया। मुंबई के कोलाबा में 94 मिमी और सांताक्रूज में 55 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई शहर व उपनगरों में शार्ट सर्किट की 11 और पेड़ व टहनियां गिरने की कुल 8 घटनाएं हुईं। घर का हिस्सा ढहने के कुल 5 हादसे हुए। सौभाग्य से इन घटनाओं में कोई जीवित हानि नहीं हुई।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
