धर्मशाला, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों की जरूरतों और मागों पर उचित कार्रवाई करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। लंबागांव विकास खंड की ग्राम पंचायत द्रमण के मल्ली गांव में आयोजित जनसभा के दौरान आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री और कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने ये बात कही।
इससे पूर्व मंत्री ने मल्ली गांव के लिए 27.5 लाख रुपए की लागत से बने आयुर्वेद स्वास्थ्य केंद्र और 4 लाख रुपए की लागत से तैयार महिला मंडल भवन को लोकार्पित किया।
जनसभा के दौरान मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि मल्ली गांव में आयुर्वेद स्वास्थ्य केंद्र खुलने से आशापुरी, द्रमण, मकोल और आसपास के हजारों लोगों को लाभ होगा। उन्होंने महिलाओं को महिला मंडल भवन मल्ली निर्माण पूर्ण होने पर शुभकामनाएं भी दी।
उन्होंने मल्ली चौक पर सोलर लाइट, वैष्णो माता मंदिर की सड़क, सामुदायिक भवन निर्माण जल्द करने का आश्वासन भी दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए।
—————
(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया
